देवसर : महाविद्यालय देवसर मार्ग की क्षतिग्रस्त पीसीसी सड़क पर जलभराव की समस्या को लेकर नवभारत में मंगलवार को प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर दिखाई देने लगा है।खबर पर संज्ञान लेते हुए उपखंड अधिकारी देवसर डॉ. सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम ने ग्राम पंचायत जियावन के सरपंच एवं सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पंचायत ने स्थानीय ग्रामीण के सहयोग से जल निकासी की व्यवस्था कराई, जिससे सड़क पर जमा पानी निकल गया और आवागमन सुचारू हो गया। सड़क के आसपास पानी भरने से महाविद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों सहित स्थानीय नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
समस्या के समाधान के लिए पंचायत की सरपंच पप्पू देवी साकेत, सचिव राजकिशोर धर द्विवेदी और सरपंच प्रतिनिधि महादेव साकेत ने पहल की। उन्होंने संबंधित खेत मालिक से संपर्क कर उनके खेत के माध्यम से निकासी नाली बनवाई और उसे जलाशय की नहर से जोड़ने की व्यवस्था की। जल निकासी का रास्ता बनने से खेत में जमा पानी बाहर निकल गया और सड़क पर जलभराव की समस्या दूर हुई। प्रशासन के निर्देश, पंचायत की पहल और ग्रामीण के सहयोग से लोगों को राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों ने उपखंड अधिकारी के प्रयासों की सराहना की।
