नारी नेतृत्व-सशक्त पंचायत कॉनक्लेव: 379 महिला पंचायत प्रतिनिधि होंगी शामिल

जबलपुर:पंचायती राज व्यवस्था में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने जिला पंचायत जबलपुर द्वारा 15 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर ग्रामीण पंचायती राज महिला नेतृत्व कॉनक्लेव का आयोजन किया जा रहा है। नारी नेतृत्व-सशक्त पंचायत थीम पर आधारित यह कॉनक्लेव होटल रॉयल आर्बिट में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा।
जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गेहलोत के अनुसार कॉनक्लेव में जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत की 8 सदस्य, 5 जनपद पंचायत अध्यक्ष, 2 जनपद उपाध्यक्ष, 81 जनपद सदस्य तथा 282 ग्राम पंचायतों की सरपंच सहित जबलपुर जिले की कुल 379 निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधि भाग ले रही हैं। कॉनक्लेव में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह तथा राज्य सभा सदस्य सुमित्रा वाल्मिक विशिष्ट अतिथिके रूप में शामिल होंगी।
कॉनक्लेव की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया के स्वागत उद्बोधन के साथ होगी।

इसके बाद पंचायती राज में महिला नेतृत्व, ग्राम पंचायतों में स्वयं के आय स्रोत, टैक्सेशन व्यवस्था और ग्रामीण पेयजल प्रबंधन जैसे अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी। राज्य सभा सांसद सुमित्रा वाल्मिक महिला नेतृत्व के महत्व पर अपने विचार रखेंगी। साथ हीप्रदान संस्था के विशेषज्ञों द्वारा सहभागिता, गतिविधि व जल चुनौतियों पर चर्चा कराई जाएगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ग्राम पंचायतों में कर संग्रहण में महिलाओं की भूमिका पर मार्गदर्शन देंगी। इस सत्र में जिले में कर सुधार में उल्लेखनीय कार्य करने वाली दो महिला सरपंच अपने अनुभव साझा करेंगी।लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके पेयजल प्रबंधन में महिला नेतृत्व पर उद्बोधन देंगी। साथ ही जल कर वसूली में बेहतर प्रदर्शन करने वाली दो सरपंचों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे। कॉनक्लेव के समापन पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए जाएंगे।

Next Post

जियो प्लेटफार्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा, एंकर निवेशक 19 अक्टूबर को लगा सकेंगे बोली

Wed Oct 14 , 2026
मुंबई, 14 अक्टूबर (वार्ता) रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 21 अक्टूबर को खुलेगा। जेपीएल ने बुधवार को गुजरात के अहमदाबाद स्थित रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) फाइल किया। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शेयर बाजारों को बताया कि आईपीओ […]

You May Like