सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन ने 13 अक्टूबर को जारी प्रशासनिक तबादला आदेश में सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल का स्थानांतरण कर अंकित अस्थाना को जिले की कमान सौंपी है। वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अस्थाना इससे पहले सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव और कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल के संचालक के पद पर पदस्थ थे। गौरव बैनल के तबादले के बाद जिले में हाल के दिनों में सामने आए प्रशासनिक विवादों की भी चर्चा शुरू हो गई है।
नगर निगम सिंगरौली के मोरवा जोन में आयोजित सेवा सेतु शिविर में हितग्राहियों की कम उपस्थिति को लेकर विधायक रामनिवास शाह ने कलेक्टर और निगम अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई थी। विधायक ने दो टूक कहा था कि यदि काम करना नहीं आ रहा है तो छुट्टी ले लें। उन्होंने अधिकारियों को दफ्तरों में बैठकर काम करने के बजाय बाहर निकलकर विकास कार्यों पर ध्यान देने की नसीहत दी थी।
इसी बीच नवरात्र के दौरान राजमाता चुन कुमारी स्टेडियम में गरबा आयोजन को लेकर विधायक और कलेक्टर के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। विधायक ने स्पष्ट किया था कि तीन दिवसीय गरबा आयोजन स्टेडियम में ही होगा। हालांकि, इस घटनाक्रम को लेकर किसी विवाद की पुष्टि नहीं है।दूसरी ओर, गोदवाली स्थित त्रिमूला इंडस्ट्रीज पर प्रदूषण नियमों के उल्लंघन के आरोप में तालाबंदी और महज 15 दिन बाद ताला खुलने के घटनाक्रम ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए थे। यह मामला भोपाल और दिल्ली तक पहुंचने की चर्चा रही। इन घटनाओं के बीच गौरव बैनल का तबादला हुआ है, लेकिन शासन के आदेश में स्थानांतरण का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।
