देवास: शारदीय नवरात्रि में देवास की माता टेकरी पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी हैं। मातारानी के जयकारे गूंज रहे हैं। कोई पैदल चलकर दरबार पहुंच रहा है तो कोई घुटनों के बल आगे बढ़ते हुए अपनी श्रद्धा अर्पित कर रहा है। दूर-दराज से पहुंच रहे भक्तों के उत्साह के बीच शहर में जगह-जगह भंडारे लगाकर श्रद्धालुओं की आवभगत की जा रही है। इसी आस्था और सेवा के माहौल में माता टेकरी पर तैनात पुलिसकर्मी भी अपने कर्तव्य से आगे बढ़कर मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। चलने-फिरने में असमर्थ दिव्यांग श्रद्धालुओं को पुलिसकर्मी कुर्सी पर बैठाकर उठाते हैं और उन्हें माता के दर्शन कराते हैं।
नवरात्रि के दौरान माता टेकरी पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दरबार में पहुंच रहे हैं। कोई परिवार के साथ दर्शन करने आया है, तो कोई मन्नत पूरी होने पर माता के चरणों में शीश नवाने पहुंच रहा है। कुछ भक्त घुटनों के बल चलकर अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। चारों ओर सुनाई देते जयकारे और दर्शन के लिए लगी कतारें नवरात्रि के उल्लास को और बढ़ा रही हैं।
भंडारों में भक्तों की आवभगत, सेवा में जुटे शहरवासी-
माता टेकरी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर भंडारे और सेवा शिविर लगाए गए हैं। यहां भक्तों को फरियाली खिचड़ी, मिक्चर, राजगीरा के लड्डू, हलवा-पूड़ी, चाय, दूध और फल सहित कई तरह के खाद्य पदार्थ वितरित किए जा रहे हैं। सेवाभावी लोग श्रद्धालुओं को भोजन कराने के साथ उनकी जरूरतों का भी ध्यान रख रहे हैं।
दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए सहारा बनी पुलिस-
माता टेकरी पर सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण के साथ श्रद्धालुओं की मदद में जुटे हैं। खासकर उन दिव्यांगजनों और श्रद्धालुओं के लिए, जिन्हें पैदल चलने या सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी होती है, पुलिसकर्मियों की मदद काफी अहम साबित हो रही है। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी ऐसे श्रद्धालुओं को कुर्सी पर बैठाकर उठाते हैं और सुरक्षित तरीके से माता के दर्शन कराने में सहायता करते हैं। श्रद्धालुओं के लिए यह अनुभव केवल दर्शन तक पहुंचने का नहीं, बल्कि मुश्किल समय में मिले सहयोग का भी है। भक्ति, सहयोग और मानवीय संवेदना के इन रंगों से माता टेकरी पर नवरात्रि का माहौल और भी खास बन गया है।
