भोपाल : राजधानी भोपाल में एक व्यापारी का GST खाता हैक कर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी ने व्यापारी की जानकारी के बिना उसके GST खाते में सेंध लगाकर 8 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक के 989 फर्जी इनवॉइस अपलोड किए। इनके जरिए करीब 1 करोड़ 46 लाख रुपये की GST चोरी करने का प्रयास किया गया।
जांच में पता चला कि व्यापारी के GST खाते का पासवर्ड बदल दिया गया था। साथ ही, खाते में दूसरी ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर जोड़कर फरवरी 2026 का GST रिटर्न भी फाइल कर दिया गया। व्यापारी की शिकायत पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने मामले की जांच की, जिसमें दिल्ली के बसंत कुमार श्रीवास्तव उर्फ बसंत कुमार गौर का नाम सामने आया है।
EOW ने 13 अक्टूबर को आरोपी और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अब जांच एजेंसी फर्जी इनवॉइस से लाभ लेने वाली फर्मों और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
