इंदौर:राऊ थाना क्षेत्र के रंगवासा में खेत के सीमांकन और तार फेंसिंग को लेकर पड़ोसी के बीच विवाद हो गया। किसान ने पड़ोसी पर गाली-गलौज करने, खेत पर कब्जा करने और उसे व उसके भाई को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रंगवासा के शिव चौक में रहने वाले 49 वर्षीय सुनील सिंघवी ने शिकायत में बताया कि तहसीलदार राऊ द्वारा उनके खेत का सीमांकन किए जाने के बाद पड़ोसी संतोष चौधरी तार फेंसिंग कराने की बात पर विवाद करने लगा। सुनील ने गाली देने से मना किया तो संतोष ने बाउंड्री पर लगाए गए खंभे उखाड़ने और खेत पर कब्जा करने की धमकी दी। साथ ही सुनील और उनके भाई को जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। मामले में दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।
