शिवपुरी: रन्नौद – शिवपुरी मार्ग पर माडा घाटी पर आज एक बड़ा हादसा हो गया। शिवपुरी से रन्नौद आ रही रघुवंशी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खंती में जा गिरी। बताया जा रहा है कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने बस मोड़ी और बस का संतुलन बिगड़ गया। बस पलटते ही उसमें चीख-पुकार मच गई। बस में लगभग 40 से 50 सवारी बैठी हुई थीं।
हादसे में 10 से 12 लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और 108 की मदद से रन्नौद स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि माडा घाटी की सड़क कई महीनों से खराब पड़ी है, कई बार शिकायत के बाद भी पीडब्ल्यूडी विभाग सड़क नहीं बना रहा।
आज इसी लापरवाही के कारण यह बड़ा हादसा हुआ है। अगर समय रहते सड़क बन जाती तो यह हादसा टल सकता था।लोगो का आरोप है कि बारिश बंद होने के बाद भी जानलेवा गड्ढों की सुध नहीं ली जा रही है जिससे बस हादसे का शिकार होकर रोड किनारे खंती में जा गिरी, चीख पुकार सुन कर ग्रामीण पहुंचे जहां आनन फानन में घायल यात्रियों को बस में से बाहर निकाला जिसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रन्नौद पहुंचाया गया, घायलों का उपचार जारी है।
