दमोह:नवरात्रि के पावन पर्व पर आज से शहर और जिले भर में मां की आराधना शुरू हो गई है। प्रथम दिन मां शैलपुत्री के रूप में माता रानी की पूजा-अर्चना हो रही है। जगह-जगह माता रानी की स्थापना की जा रही है।दमोह शहर के प्रसिद्ध मां बड़ी देवी मंदिर, काली माता मंदिर, जबलपुर नाका स्थित मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई है।
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस-प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं। मां बड़ी देवी मंदिर प्रबंधन एवं मुख्य पुजारी आशीष दत्त कटारे द्वारा भी व्यवस्थाएं की गई हैं।सुबह सीएसपी एच.आर. पांडे सहित पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर का जायजा लिया। मंदिरों के आसपास शक्ति मोबाइल भी भ्रमण कर रही है, जिसमें टीआई अंजलि अग्निहोत्री और गरिमा मिश्रा मौजूद हैं। परिसर में चौकी प्रभारी विक्रम दांगी, सब इंस्पेक्टर प्रियंका शर्मा, एएसआई राजेंद्र मिश्रा सहित पुलिस बल तैनात है।
