भोपाल: राजधानी का हृदय स्थल न्यू मार्केट आज अतिक्रमण, अव्यवस्थाओं और अग्नि सुरक्षा के अभाव से जूझ रहा है. गुरुवार को लगी भीषण आग ने बाजार की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी. आग की तेज लपटों से चार मंजिला भवन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. अब यहां केवल जला हुआ ढांचा नजर आ रहा है. इस घटना के बाद भी बाजार में अतिक्रमण की स्थिति में खास बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है. संकरी सडक़ों, दुकानों के बाहर फैले सामान और फायर सेफ्टी के इंतजामों की कमी के कारण भविष्य में भी ऐसी दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है.
-छह फीट की दुकानों के आगे 20 फीट तक कब्जा
न्यू मार्केट में दुकानदारों को छह फीट की दुकानें आवंटित की गई थीं, लेकिन धीरे-धीरे दुकानों के आगे अतिक्रमण बढ़ता गया. स्थिति यह है कि करीब 20 फीट चौड़ी सडक़ में अब मुश्किल से तीन फीट जगह बचने का दावा किया जा रहा है. बाजार के कॉरिडोर में भी टेबल और स्टैंड लगाकर चाट, कपड़े और अन्य सामान बेचा जा रहा है. आरोप है कि कई स्थायी दुकानदार अपनी दुकानों के सामने की जगह दूसरों को किराए पर देकर प्रतिदिन के हिसाब से पैसे लेते हैं. इससे बाजार में ग्राहकों की आवाजाही के साथ आपात स्थिति में दमकल पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है.
-वसूली के आरोप, कार्रवाई के बाद फिर जम जाता है अतिक्रमण
बाजार में अतिक्रमण को लेकर कई तरह की वसूली होने के आरोप सामने आते रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, तहबाजारी की रसीद के अलावा नगर निगम के कुछ कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और संगठनों पर भी अवैध वसूली के आरोप हैं. दावा किया जा रहा है कि न्यूमार्केट के अंदर और बाहर मिलाकर करीब चार हजार दुकानें और अस्थायी व्यावसायिक गतिविधियां नियमों के विपरीत संचालित हो रही हैं.
नगर निगम समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करता है, लेकिन कुछ समय बाद फिर दुकानें और स्टैंड उसी जगह नजर आने लगते हैं. पुलिस चौकी के आसपास भी अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है. ऐसे में सवाल उठता है कि कार्रवाई के बावजूद बाजार को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त क्यों नहीं कराया जा पा रहा है.
-फायर सेफ्टी के इंतजामों पर सवाल
आग की घटना के बाद बाजार में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 10 प्रतिशत प्रतिष्ठानों में भी पर्याप्त फायर सेफ्टी व्यवस्था नहीं होने की बात कही जा रही है. खासकर होटल और रेस्टोरेंट में आग बुझाने के उपकरण और आपातकालीन सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं. इसके बावजूद बाजार के कई प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था की कमी चिंता का विषय है. न्यू मार्केट जैसे व्यस्त क्षेत्र में स्थायी फायर व्यवस्था नहीं होने से आपात स्थिति में मुश्किल बढ़ सकती है1 बाजार में जगह-जगह अतिक्रमण के कारण रास्ते संकरे हैं. ऐसे में आग लगने पर दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है.
-तंग गलियों के लिए खरीदी गईं बाइक का इस्तेमाल कहां?
न्यू मार्केट जैसी संकरी गलियों में आग बुझाने के लिए छोटे अग्निशमन वाहनों की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है. जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने कुछ वर्ष पहले तंग गलियों में आग बुझाने के उद्देश्य से बुलेट बाइक को फायर फाइटिंग के लिए तैयार कराया था. वहीं, मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग ने भी करीब दस वर्ष पहले ऐसी जरूरत के लिए 15 बाइक खरीदी थीं. उस समय इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई थी. इन बाइकों को लेकर विवाद भी हुआ था. दावा है कि इन्हें प्रशिक्षित होमगार्ड जवानों के साथ तैनात किया गया था, लेकिन वर्तमान में इनके उपयोग की स्थिति स्पष्ट नहीं है. न्यू मार्केट को शिमला के माल रोड की तर्ज पर व्यवस्थित करने और रात में बाजार खुला रखने की योजना पर भी पहले प्रयोग किया गया था, लेकिन व्यवस्था एक महीने में ही बंद हो गई थी. अब जरूरत है कि बाजार में अतिक्रमण हटाकर रास्ते खुले रखे जाएं, सभी प्रतिष्ठानों की फायर सेफ्टी जांच हो और स्थायी अग्निशमन व्यवस्था बनाई जाए. इसके लिए संप टैंक बनाकर पाइपलाइन बिछाने तथा दुकानों को अग्निशमन कनेक्शन देने जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है.
– दुकानों के आगे सिमट गई सडक़
छह फीट की दुकानों के आगे अतिक्रमण के आरोप.
करीब 20 फीट की सडक़ में मुश्किल से तीन फीट जगह बचने का दावा.
कॉरिडोर में टेबल और स्टैंड लगाकर कारोबार.
-चार तरह की वसूली के आरोप
तहबाजारी के नाम पर रसीद काटने की बात.
निगम के कुछ कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों पर वसूली के आरोप.
कुछ संगठनों पर भी अवैध वसूली का दावा.
आरोपों की आधिकारिक जांच जरूरी.
-फायर सेफ्टी की स्थिति चिंताजनक
90 प्रतिशत प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का दावा.
होटल और रेस्टोरेंट में अग्नि सुरक्षा पर विशेष ध्यान जरूरी.
संकरे रास्तों के कारण दमकल पहुंचने में परेशानी की आशंका.
-स्थायी समाधान की जरूरत
बाजार में अतिक्रमण मुक्त रास्ते सुनिश्चित किए जाएं.
सभी प्रतिष्ठानों की फायर सेफ्टी जांच हो.
स्थायी संप टैंक और पाइपलाइन की व्यवस्था पर विचार हो.
फायर बाइक की मौजूदा स्थिति और उपयोग की जांच की जाए.
इनका कहना है
न्यू मार्केट में चार मंजिल तक बिल्डिंग बनी हुई है उनमें फायर सेफ्टी की व्यवस्था नहीं है. सभी बिल्डिंगों में फायर सेफ्टी की व्यवस्था करने के लिए कहा जाएगा. और सभी अतिक्रमण चाहे व्यापारियों के हों या रेहड़ी, टेबल वाले उनको हटाया जाएगा, जिससे भविष्य में फायर दमकल को अपने स्थान तक पहुंचने किसी तरह की बाधा न आए.
तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर आयुक्त, नगर निगम
