भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित शर्मा ने भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) में कथित अनियमितताओं को लेकर चिंता जताते हुए स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मरीजों के उपचार, आउटसोर्स भर्ती प्रक्रिया और महंगे चिकित्सा उपकरणों के उपयोग से जुड़े मामलों की जांच कराने की मांग की।
पत्रकार वार्ता में शर्मा ने आरोप लगाया कि आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से होने वाली भर्तियों में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों से 50 हजार से दो लाख रुपये तक वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को हटाने तथा बोनस, पेंशन और ग्रेच्युटी सहित अन्य लाभों का भुगतान नहीं किए जाने संबंधी शिकायतों की भी जांच की मांग की।
शर्मा ने एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनों के कथित तौर पर कम उपयोग तथा मरीजों को जांच के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में भेजे जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मरीजों को बाहर रेफर करने की प्रक्रिया, अस्पताल प्रशासन और भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों के उपचार को प्राथमिकता देने के मामलों की जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस ने भर्ती रिकॉर्ड, अनुबंधों, भुगतान और मरीजों को रेफर करने से संबंधित आंकड़ों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकार वार्ता में मुकेश नायक, अभिनव बरोलिया और राहुल राज उपस्थित थे।
