नयी दिल्ली, 9 अक्टूबर (वार्ता) देश की पांच प्रमुख विधानसभा सीटों (पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी) पर हाल ही में संपन्न हुए उपचुनावों के शुक्रवार को आए परिणामों में सत्तारूढ़ दलों ने लोगों पर अपनी पकड़ बनाए रखी है।
पश्चिम बंगाल की दोनों सीटों नंदीग्राम और रेजीनगर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभूतपूर्व मतों से जीत हासिल की और तमिलनाडु में पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने जीत का सिलसिला बनाए रखते हुए दोनों सीटों धारापुरम और मदुरांतकम पर परचम लहराया तो पुडुचेरी की थट्टनचावडी से ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने अपना कब्जा बनाए रखा।
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भाजपा की प्रत्याशी हासी रानी रथ ने रिकॉर्ड एक लाख 22 से अधिक मतों के ऐतिहासिक अंतर से विशाल जीत हासिल की है। हासी रानी रथ को एक लाख 64 हजार से अधिक वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान 41,674 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इस चुनाव में ममता तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन दिया था। बंगाल की दूसरी महत्वपूर्ण सीट, रेजीनगर में भी भाजपा के उम्मीदवार शंखरव सरकार ने बड़ी जीत दर्ज की।
मुस्लिम बहुल आबादी वाले रेजीनगर क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी को एक लाख 29 हजार से अधिक वोट प्राप्त हुए, जबकि आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रत्याशी गुलाम नबी आजाद करीब 54 हजारे वोट दूसरे स्थान पर रहे। यह पहला मौका है जब रेजीनगर क्षेत्र में भाजपा ने 75 हजार से के बड़े बहुमत से जीत हासिल कर तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के पारंपरिक वोट बैंक में सीधी सेंध लगाई। तमिलनाडु में अभिनेता विजय की नवगठित पार्टी टीवीके ने धारापुरम सीट पर बड़ी जीत दर्ज की।
उनके प्रत्याशी पी. सत्यभामा ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और अन्नाद्रमुक के उम्मीदवारों को पछाड़ते हुए लगभग 9,471 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उनके निकटतम विरोधी उम्मीदवार द्रमुक की सुगन्या को 57 हजार 370 वोट ही मिले। पूर्व विधायक सत्यभामा की इस जीत के साथ टीवीके ने राज्य के द्रविड़ राजनीति के गढ़ में अपनी पुख्ता होती पकड़ को दोबारा साबित कर दिया है। राज्य की मदुरांतकम विधानसभा सीट पर भी टीवीके का दबदबा देखने को मिला। पार्टी प्रत्याशी के. मरगथम कुमारवेल ने 74 हजार से अधिक वोट हासिल किए और निकलट उम्मीदवार द्रमुक के परथामन से 20 हजार वोट से अधिक आगे रहे। अन्नाद्रमुक प्रत्याशी कांति संपत को 47 हजार मतों से संतोष करना पड़ा। पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी की पार्टी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने अपना कब्जा बरकरार रखा।
एआईएनआरसी उम्मीदवार अशोक आनंद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के ई. विनायगम को 8,482 वोटों से पराजित किया। अशोक आनंद को कुल 13,358 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 4,876 वोटों पर ही संतोष करना पड़ा। असम की नागांव लोकसभा सीट पर भाजपा के देवाशीष शर्मा ने 6 लाख 90 हजार से अधिक वोट हासिल करके निर्णायक बढ़त हासिल की। उनके निकटतम विरोधी उम्मीदवार ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख मोहम्मद बदरुद्दीन अजमल को करीब 5 लाख 38 हजार वोट मिले। इस तरह से श्री शर्मा ने डेढ़ लाख से भी अधिक मत हासिल किए। कांग्रेस उम्मीदवार सिबामनी बोरा करीब सवा लाख मत ही पा सकीं। उल्लेखनीय है कि नागांव सीट पर छह अक्टूबर को उपचुनाव हुआ था, जिसमें 76.19 प्रतिशत मतदान हुआ था। यह उपचुनाव कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे और उनके भाजपा में शामिल होने के कारण सीट खाली हुई जिस पर उपचुनाव कराया गया था।
