अबू धाबी, 10 मार्च (वार्ता) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में अपने महावाणिज्य दूतावास को निशाना बनाकर किए गए एक आतंकी ड्रोन हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
यूएई के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में इस हमले को ‘बिना उकसावे वाला आतंकवादी कृत्य’ बताया और जोर दिया कि राजनयिक मिशनों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानदंडों एवं कानूनों का गंभीर उल्लंघन है।
मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के हमले ‘राजनयिक संबंधों पर वियना समझौते का उल्लंघन करते हैं, जो राजनयिक परिसरों और राजनयिक कर्मियों की सुरक्षा की गारंटी देता है।’ यह घटना क्षेत्रीय सुरक्षा एवं स्थिरता के लिए खतरा पैदा करने वाली है।
यूएई ने ‘इराक सरकार और कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार से इस घटना की गहन जांच शुरू करने, जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाए।’
कुर्दिस्तान आतंकवाद-विरोधी सेवा के अनुसार, दो ड्रोनों ने यूएई के वाणिज्य दूतावास को निशाना बनाया, जबकि तीसरे का लक्ष्य इरबिल हवाई अड्डा था, जो एक अमेरिकी सैन्य अड्डे के पास स्थित है।
