वाशिंगटन/फ्लोरिडा 10 मार्च (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी सैन्य संघर्ष पर कई महत्वपूर्ण लेकिन अलग तरह के बयान देते हुए कहा है कि युद्ध लगभग पूरा हो चुका है और अमेरिका अपने निर्धारित समय से काफी आगे चल रहा है।
श्री ट्रंप ने फ्लोरिडा के डोराल में मीडिया को संबोधित करते हुए दावा किया है कि 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक अमेरिका और इजरायल ने ईरान के पांच हजार ठिकानों पर हमले किए हैं।
युद्ध को लगभग पूरा हो जाने की बात बताने के कुछ घंटों बाद फ्लोरिडा में फिर से ईरान के विषय पर बोलते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि हमने एक छोटी यात्रा की क्योंकि हमें लगा कि कुछ बुराई को खत्म करने के लिए ऐसा करना जरूरी था। उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि आप देखेंगे कि यह एक बहुत ही कम समय की यात्रा होने जा रही है।
राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि हमने पहले ही कई मायनों में जीत हासिल कर ली है, लेकिन हमने अभी पर्याप्त जीत हासिल नहीं की है। उन्होंने संकल्प जताते हुए कहा कि हम इस लंबे समय से चले आ रहे खतरे को हमेशा के लिए समाप्त करने और अंतिम जीत हासिल करने के लिए पहले से कहीं अधिक दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
अपनी औपचारिक प्रेस वार्ता के दौरान श्री ट्रंप ने दोहराया कि ईरान में सैन्य अभियान एक जबरदस्त सफलता रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ईरान आने वाले लंबे समय तक परमाणु हथियार विकसित न कर सके। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास अभी भी ईरान में कुछ लक्ष्य हैं, जिन्हें महज एक दिन में नष्ट किया जा सकता है। इसके बावजूद राष्ट्रपति ने आश्वासन दिया कि युद्ध बहुत जल्द समाप्त हो जाएगा।
रिपब्लिकन सांसदों को संबोधित करते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को कुछ बहुत ही दुष्ट लोगों से छुटकारा पाने के लिए ईरान में एक अल्पकालिक सैन्य अभियान में शामिल होना पड़ा। उन्होंने आगे कहा कि हमने कई मायनों में जीत हासिल कर ली है लेकिन अभी यह जीत पर्याप्त नहीं है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सीबीएस न्यूज से बातचीत में कहा कि युद्ध काफी हद तक पूर्णता की ओर है। हालांकि न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए साक्षात्कार में उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान में अमेरिकी सैनिकों को भेजने के निर्णय के संबंध में प्रशासन फिलहाल किसी भी नतीजे पर नहीं पहुँचा है।
न्यूयॉर्क पोस्ट से बातचीत में श्री ट्रंप ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की, लेकिन बाद में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह उनके स्थान पर किसे देखना चाहते हैं या यह लक्ष्य कैसे हासिल किया जाएगा।
एक अन्य मीडिया संस्थान एनबीसी के साथ एक साक्षात्कार में उन्होंने ईरानी तेल हासिल करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की और कहा कि निश्चित रूप से लोग इस बारे में बात कर रहे हैं।
