नयी दिल्ली, 9 अक्टूबर (वार्ता) मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के शनिवार के प्रदर्शन के ऐलान के मद्देनजर राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है और बड़ी संख्या में मेट्रो स्टेशन शुक्रवार रात से ही यात्रियों के लिए बंद कर दिये गये हैं तथा संवेदनशील क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद करने का निर्णय किया गया है।
इसके अलावा शनिवार को दिल्ली पहुंचने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और पुलिस ने दिल्ली की सीमाओं की नाकेबंदी कर दी है। पुलिस ने आज कहा कि सीजेपी को शनिवार को जन्तर मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गयी है और चेतावनी दी गयी है कि क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू है जिसका उल्लंघन करने पर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात को सुचारु रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गयी है। जन्तर मंतर के आस पास तथा कुछ अन्य रणनीतिक जगहों पर बैरिकेड लागाये गये तथा नाकेबंदी की गयी है।
इस बीच सीजेपी ने अपने सोशल मीडिया पेज पर घोषणा की है वे जन्तर मंतर पर प्रदर्शन की घोषणा पर कायम हैं।
दिल्ली पुलिस की संयुक्त पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीजेपी ने प्रदर्शन की अनुमति के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया है।अनुमति के बिना प्रदर्शन किया गया तो इसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 का उल्लंघन माना जाएगा।
सीजेपी की ओर से प्रदर्शन के लिए सात अक्टूबर को आवेदन किया गया था, जबकि निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किसी प्रदर्शन के आयोजन के लिए कम से कम 10 दिन पहले पुलिस को सूचना देना आवश्यक है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि सीजेपी को पूर्व में भी प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी लेकिन उस दौरान उसने कानूनी निर्देशों और अपने आश्वासनों का पालन नहीं किया था।
सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल ने 57 स्टेशनों पर शुक्रवार रात नौ बजे से ही यात्रियों के प्रवेश और निकासी पर रोक लगा दी है। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन से अनुरोध किया था। यह रोक शनिवार को अगले आदेश तक जारी रहेगी।
मेट्रो के अनुसार नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर अन्य सभी संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
गृह मंत्रालय ने एहतियात के तौर पर मध्य दिल्ली में कर्तव्य पथ और जनपथ चौराहे के चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात दस बजे से शनिवार रात दस बजे तक इंटरनेट सेवा बंद करने का निर्देश दिया है। दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय से प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद करने का अनुरोध किया था जिसे स्वीकार कर लिया गया है। मंत्रालय ने यह निर्देश दूरसंचार अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत सुरक्षा कारणों से एहितायत के तौर पर उठाया है।
रेलवे ने एहतियाती कदम उठाते हुए शनिवार को सुबह चार बजे से अपराह्न दो बजे के बीच नयी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
रेलवे ने शुक्रवार को बताया कि राजधानी दिल्ली में यातायात में संभावित अड़चनों की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों के अनुसार इस फैसले से दिल्ली के इन स्टेशनों के लिए विभिन्न स्टेशनों से आज प्रस्थान करने वाली 38 ट्रेनें प्रभावित होंगी।
