इंदौर/खंडवा. निजी स्कूल का दो साल का प्रॉपर्टी टैक्स कम कराने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त ने शुक्रवार को पंचायत सचिव को 25 हजार रुपए लेते पकड़ा. स्कूल का टैक्स करीब 2.20 लाख रुपए बताया था, जिसे कम करने के लिए 50 हजार रुपए मांगे थे.
खंडवा के ग्राम नाहल्दा में रहने वाले लक्ष्मण सिंह चौहान ने 5 अक्टूबर को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी. उन्होंने बताया था कि उनका निजी स्कूल है, जिसका संचालन बेटा करता है. शिकायत में यह भी बताया था कि ग्राम पंचायत नाहल्दा के सचिव कृष्ण देव पटेल ने टैक्स कम करने के बदले रिश्वत मांगी है. शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार को खंडवा के मेडिकल चौराहे के पास चाय की दुकान के सामने ट्रैप किया और पटेल को 25 हजार रुपए लेते पकड़ लिया. उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
सत्यापन के बाद की कार्रवाई
निरीक्षक प्रतिभा तोमर, लोकायुक्त ने नव भारत को बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई. पंचायत सचिव को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
