
जबलपुर। ग्वारीघाट में बाइक सवार दो लोगोंं ने एक मानसिक रूप से कमजोर और बेबस बुजुर्ग की बीच सडक़ पर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। मानवता को झकझोर देने वाला बर्बरता का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दो लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ वार कर रहे हैं। हमले के दौरान लहूलुहान बुजुर्ग जमीन पर गिरकर लगातार रहम की भीख मांगता रहा और चीखता रहा मुझे मत मारो, कोई तो बचा लो…। विचलित करने वाली बात यह रही कि घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी का भी दिल नहीं पसीजा। लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे और कुछ लोग अपने मोबाइल में इस क्रूरता को कैद करने में व्यस्त रहे।
भीड़ में से कोई भी बुजुर्ग को बचाने के लिए आगे नहीं आया। इस हमले में बुजुर्ग के हाथ और पैरों से काफी खून बह गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद बाइक सवार फरार हो गए। जिस पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है । ग्वारीघाट थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, यह गंभीर मामला पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। बाइक सवारोंं द्वारा एक मानसिक रूप से कमजोर बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। प्रांरभिक जांच में कांच तोडऩे पर मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर रही है। आरोपित कौन है इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है।
