बस स्टैंड से दबोचे गए 2 फरार शराब तस्कर

सतना। पिछले महीने भर से पुलिस और आबकारी अमले को चकमा देते आ रहे दो शराब तस्करों को सोमवार को बड़े ही नाटकीय ढंग से बस स्टैंड से दबोच लिया गया। इस मामले में फरार तीसरे आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

आबकारी वृत्त सतना क्र. 01 शहर के प्रभारी आबकारी उप निरीक्षक आशीष वाटिया की टीम ने महीने भर से पुलिस और आबकारी की आँखों में धूल झोंक रहे दो बड़े शराब माफियाओं को आज नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए मुख्य आरोपियों में शानू खान और प्रदीप सिंह उर्फ पप्पू सटोरिया शामिल हैं। दरअसल देर रात आबकारी टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध मकान में बड़ी छापामार कार्यवाही की थी।

इस सघन तलाशी के दौरान मकान से भारी मात्रा में 105.5 बल्क लीटर अवैध मदिरा का जखीरा बरामद किया गया था। चूँकि यह एक संगठित अवैध शराब का बड़ा ठिकाना था, इसलिए छापामार टीम को देखते ही मौके का और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी वहां से फरार होने में सफल हो गए थे। उक्त मामले में आबकारी विभाग प्रकरण दर्ज कर तलाश की जा रही थी।
वहीं सोमवार की दोपहर सटीक सूचना मिली कि दोनों मुख्य आरोपी किसी अन्य स्थान पर भागने की फिराक में बस स्टैंड के आसपास मंडरा रहे हैं। आबकारी उप निरीक्षक आशीष वाटिया के नेतृत्व में टीम ने तत्काल बस स्टैंड क्षेत्र में घेराबंदी की और दोपहर 2:00 बजे शानू खान और प्रदीप सिंह उर्फ पप्पू सटोरिया को रंगे हाथों दबोच लिया।

तीसरे साथी की सरगर्मी से तलाश
इस बड़े शराब सिंडिकेट के दो मुख्य स्तंभों के पकड़े जाने के बाद अब इनसे सघन पूछताछ की जाएगी ताकि शहर में अवैध मदिरा की सप्लाई चेन को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके। उक्त प्रकरण में शामिल एक अन्य शातिर आरोपी विक्की सिंह अभी भी फरार है। आबकारी विभाग की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Next Post

हैवी ब्लास्टिंग से दहशत के साये में कोहराखोह के रहवासी

Tue Oct 6 , 2026
देवसर :देवसर क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोगनी अंतर्गत कोहराखोह में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए चट्टानों में ब्लास्टिंग की तैयारी किए जाने से आसपास रहने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।ग्रामीणों का कहना है कि ब्लास्टिंग के लिए होल किए जा रहे हैं, जबकि घटनास्थल के करीब ही बड़ी […]

You May Like