पुडुचेरी, 06 अक्टूबर (वार्ता) केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया है।
मैदान में उतरे 11 उम्मीदवारों की किस्मत तय करने के लिए 31 मतदान केन्द्रों पर अनुमानित 26,921 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चार-तरफ़ा मुकाबले में मुख्य उम्मीदवारों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तहत चुनाव लड़ रहे सत्ताधारी एआईएनआरसी के उम्मीदवार और पूर्व विधायक अशोक आनंद, टीवीके के सहयोगी के तौर पर चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के ई. विनयगम, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के के. सेतु उर्फ सेतुसेल्वम और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा ) के ए. मोहम्मद सलीम शामिल हैं।
यह उपचुनाव मुख्यमंत्री और एआईएनआरसी के संस्थापक एन. रंगासामी के इस्तीफ़े के कारण हो रहा है, जिन्होंने 9 अप्रैल के चुनावों में दो सीटों से जीत हासिल की थी और मंगलम सीट अपने पास रखने का फ़ैसला किया था।
पुडुचेरी की क्षेत्रीय सरकार ने ‘नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट’ के तहत इस दिन निर्वाचन क्षेत्र में छुट्टी की घोषणा की है।
