सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के ने टीएल बैठक में जन विश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान सहित विभागों की योजनाओं की समीक्षा की.
कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों के निराकरण में गंभीरता बरती जाए और आवेदकों को वास्तविक राहत मिले, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. बैठक में जिले में औसत से कम वर्षा को देखते हुए कलेक्टर ने कृषि अधिकारियों को किसानों को कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों की बोवनी के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसानों को जल की उपलब्धता के अनुसार फसल चयन की जानकारी दी जाए. साथ ही पानी के अपव्यय को रोकने और जल का मितव्ययी उपयोग करने के लिए किसानों एवं आमजन के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाए.
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए कहा दोनों अभियानों का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने खाद-बीज की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उचित मूल्य दुकानों पर राशन का शत-प्रतिशत वितरण और पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी जल्द पूरी कराने को कहा. फार्मर रजिस्ट्री, भूमि आवंटन, श्रम विभाग, स्वरोजगार योजनाओं तथा मध्यान्ह भोजन योजना की भी समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का निराकरण करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
