इंदौर: आईआईटी इंदौर के विद्यार्थियों ने आईआईटी खड़गपुर में आयोजित 40वीं इंटर आईआईटी एम्ेटिक्स मीट 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. तैराक हर्षवर्धन पवार ने 50 मीटर बटरफ्लाई फाइनल में रजत पदक जीता, जबकि 100 मीटर बटरफ्लाई में वे चौथे स्थान पर रहे. वहीं, ओमकार साहू ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल में चौथा स्थान हासिल किया.
आईआईटी इंदौर के लिए यह प्रदर्शन पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय सुधार है. 2025 में आईआईटी मद्रास में हुई इंटर आईआईटी एम्ेटिक्स मीट में संस्थान ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल में आठवां स्थान हासिल किया था. एक साल में आठवें स्थान से पोडियम तक पहुंचना खिलाड़ियों की मेहनत और निरंतर तैयारी को दर्शाता है. आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रो. सुहास जोशी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदर्शन संस्थान में मजबूत होती खेल संस्कृति और विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है.
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और खेल भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
आईआईटी इंदौर विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं और प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दे रहा है. इस मीट में मिली सफलता संस्थान के बढ़ते खेल स्तर और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है
