नरसिंहपुर। शहर स्थित भारतीय स्टेट बैंक कृषि (SBI) शाखा में देर रात टिफिन देने को लेकर विवाद के बाद बैंक के सुरक्षा गार्ड द्वारा कथित रूप से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में किसी के घायल होने या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, टिफिन पहुंचाने वाला युवक रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे बैंक में टिफिन देने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि युवक ने एक अतिरिक्त टिफिन मांगा, लेकिन अतिरिक्त टिफिन उपलब्ध नहीं होने पर उसका गार्ड से विवाद हो गया। आरोप है कि गार्ड ने युवक के साथ गाली-गलौज की और उसे वहां से भगा दिया।
युवक ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद उसके पिता बैंक पहुंचे और गार्ड से मामले को लेकर बात करने का प्रयास किया। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गार्ड बैंक के अंदर रखी बंदूक लेकर आया और टिफिन पहुंचाने वाले युवक की ओर गोली चला दी।
फायरिंग के दौरान युवक को गोली नहीं लगी और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद युवक और उसके पिता दोनों थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फायरिंग की परिस्थितियों, सुरक्षा गार्ड की भूमिका और घटना में इस्तेमाल हथियार को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
