
झाबुआ. झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा एवं अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार ए मार्क समयावधि पत्रों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनजातीय गौरव दिवस के तहत आयोजित होने वाले रिफॉर्म उत्सव-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 28 सीएफआरआर से संबंधित वनाधिकार प्रकरणों की कार्यवाही एक माह में पूर्ण करने को कहा। साथ ही करीब 1700 व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों को प्रगतिशील कृषि गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय एवं आजीविका बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभाओं की मॉनिटरिंग की भी समीक्षा की गई। ग्राम पंचायत बाछीखेड़ा में ग्राम सभा के दौरान निर्धारित एजेंडा उपलब्ध नहीं मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित ग्राम सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ग्राम सभाओं का आयोजन शासन के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित एजेंडे के अनुसार कराने को कहा।
जन विश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए। बीएमओ राणापुर द्वारा लंबित शिकायतों के निराकरण पर उन्होंने सराहना की।
प्रोजेक्ट ममता मंदिर के तहत प्रथम चरण में चयनित 35 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए तैयार करने के निर्देश दिए गए। ‘झाबुआ की आकांक्षा’ अभियान के तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
छात्रावासों की समीक्षा में पालक अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद और समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं हाथीपावा को ग्रीन फील्ड टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। इसमें जिप लाइन, कला केंद्र, योग केंद्र और इकोलॉजिकल पाथ-वे जैसी सुविधाओं को शामिल कर इसे आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।
