बंद हो रहे शासकीय स्कूल को बचाने खोला मोर्चा

जबलपुर। मझौली तहसील की ग्राम पंचायत बघेली अंतर्गत ग्राम मगरकटा के ग्रामीणों और अभिभावकों ने गाँव के शासकीय स्कूल को बंद कर दूसरे गाँव में मर्ज किए जाने की प्रक्रिया का कड़ा विरोध किया है। इस गंभीर समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य प्रदीप पटेल के नेतृत्व में ग्रामीणों, शाला प्रबंधन समिति और अभिभावकों ने अनुविभागीय अधिकारी सिहोरा को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय संचालन को यथावत रखने की मांग उठाई है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि मगरकटा का यह शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला वर्षों से गाँव के गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों की शिक्षा का मुख्य आधार रहा है। हाल ही में इस स्कूल को बंद कर लगभग एक किलोमीटर दूर ग्राम घुघरा के स्कूल में मिलाने का आदेश जारी हुआ है। इस निर्णय से छोटे-छोटे बच्चों, विशेष रूप से बालिकाओं के लिए प्रतिदिन दूर जाना सुरक्षा, मौसम और रास्ते के लिहाज से बेहद जोखिम भरा हो जाएगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए प्रतिदिन परिवहन का खर्च उठाना संभव नहीं है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बीच में ही छूटने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल बंद करने के आदेश पर तुरंत स्टे लगाया जाए, कोई भी फैसला लेने से पहले अधिकारी स्वयं मौके पर आकर निरीक्षण करें और मगरकटा के इस स्कूल को गाँव में ही पहले की तरह संचालित रखा जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अजीत कोरी, पंच रामचंद्र, कुटवार टेकचंद दहिया, सरपंच, प्रधान अध्यापक और बड़ी संख्या में ग्रामीण व छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Next Post

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जलगोन के पूर्व छात्रों ने ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को एलईडी पर दिखाई धार्मिक फिल्म

Mon Oct 5 , 2026
पानसेमल। ग्राम जलगोन के झंडा चौक में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर धार्मिक फिल्म दिखाई। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के पूर्व छात्र एवं विद्यालय के संयोजक राहुल अग्रवाल ने जानकारी दी कि पूर्व छात्रों द्वारा एवं ग्रामीणों के सहयोग से यह आयोजन किया।फिल्म दिखाने के पूर्व ग्राम के वरिष्ठ एवं समाजसेवियों […]

You May Like