
लामता, लामता रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर शनिवार प्रातः एक सेही के ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। सेही वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण वन्य प्राणी है तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत अनुसूची-2 में शामिल है।
घटना की सूचना प्राप्त होने के उपरांत वन विभाग द्वारा मृत सेही के शव परीक्षण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात खंड पशु चिकित्सा अधिकारी, बालाघाट डॉ॰ पंकज पुशाम एवं डॉ॰ पूजा धुर्वे द्वारा मौके पर पहुंचकर नियमानुसार मृत सेही का शव परीक्षण (पोस्टमार्टम) किया गया। शव परीक्षण के दौरान वन विभाग की ओर से श्री तरुण डेहरिया, सहायक वन संरक्षक, लामता क्षेत्र, श्री राजेश पांडे, रेंजर एवं श्री मनोज चौहान, डिप्टी रेंजर सहित वन विभाग का अमला मौके पर उपस्थित रहा।
पशु चिकित्सा अधिकारियों द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूर्ण की गई। शव परीक्षण की कार्रवाई पूर्ण होने के उपरांत वन विभाग के अधिकारियों एवं उपस्थित वन अमले की मौजूदगी में उक्त सेही का नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वन विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग द्वारा आपसी समन्वय के साथ वन्यजीव से संबंधित प्रकरण में आवश्यक वैधानिक एवं चिकित्सकीय कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
