सतना: मैहर स्थित प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर की त्रिकूट पहाड़ी पर एक बार फिर तेंदुआ देखा गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
शनिवार शाम को मंदिर की पहाड़ी के ऊपर तृतीय चक्र के वाहन मार्ग पर एक दीवार पर बैठा हुआ तेंदुआ फिर से नजर आया। जिसका दर्शनार्थियों ने वीडियो बना लिया। गनीमत रही कि तेंदुआ कुछ देर तक बैठे रहने के बाद वहां से चला गया। लेकिन इस घटना की जानकारी सामने आने पर आस पास के लोगों के बीच दहशत फैल गई।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एक कुत्ते का शिकार करने के चक्कर में तेंदुआ श्रद्धालुओं के सीढ़ी मार्ग तक आ गया था, लेकिन वहां लगी सुरक्षा जाली के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। इतना ही नहीं बल्कि पिछले 3 से 6 महीनों से पहाड़ी पर तेंदुए (मादा तेंदुआ और उसके शावकों) की मौजूदगी बनी हुई है।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग और मंदिर प्रशासन द्वारा निगरानी बढ़ा दी गई है। क्षेत्र में कुल 20 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके।
