नयी दिल्ली, 04 अक्टूबर (वार्ता) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में पांच और छह अक्टूबर को ‘चिंतन शिविर 2026’ का आयोजन करेगा, जिसमें देश में राजमार्ग बुनियादी ढांचे के विकास और क्रियान्वयन से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी।
मंत्रालय ने रविवार को बताया कि पांच अक्टूबर को उद्घाटन सत्र को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा राज्य मंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा संबोधित करेंगे। शिविर में राज्यों के सड़क परिवहन एवं लोक निर्माण मंत्री, राज्य लोक निर्माण विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यान्वयन एजेंसियां और अन्य संबंधित पक्ष शामिल होंगे।
दो दिवसीय शिविर में परियोजनाओं के क्रियान्वयन, गुणवत्ता, सुरक्षा और दक्षता में सुधार के लिए प्रमुख चुनौतियों, नए उपायों तथा नीतिगत और संस्थागत हस्तक्षेपों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें पीएम गतिशक्ति एवं एकीकृत बुनियादी ढांचा योजना, भूमि अधिग्रहण एवं भूमि राशि, मॉडल रियायत समझौते एवं रेटिंग, सुरक्षित राजमार्गों की डिजाइन तथा गुणवत्ता आश्वासन एवं परियोजना निगरानी विषयों पर पांच सत्र होंगे।
शिविर का उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय मजबूत करने तथा सुरक्षित, उच्च गुणवत्ता वाले और भविष्य के लिए तैयार राजमार्ग बुनियादी ढांचे के विकास के लिए व्यावहारिक और कार्रवाई योग्य समाधान तैयार करना है।
