रायपुर, 04 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि देश के किसी भी मतदाता के मन में चुनाव आयोग को लेकर संदेह है तो आयोग को उनका विश्वास जीतना होगा।
उन्होंने साथ ही कहा कि उनकी पार्टी विभिन्न राज्यों में संगठन विस्तार की दिशा में काम कर रही है और छत्तीसगढ़ में भी चुनावी रणनीति को लेकर प्रदेश इकाई के साथ बैठक की जाएगी।
रायपुर प्रवास पर आज पहुंचे श्री पासवान ने स्वामी विवेकानंद विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भारत को विकसित देश बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है। अलग-अलग मंचों के माध्यम से युवाओं से संवाद करना बेहद जरूरी है। पार्टी की ओर से ‘यूथ बोले’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि पार्टी अलग-अलग राज्यों में अपना विस्तार करने की दिशा में काम कर रही है। उत्तर प्रदेश और पंजाब में भी हम चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी की राज्य इकाई के साथ आज बैठक होगी।
श्री पासवान ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनाव आयोग को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि देश में किसी भी मतदाता को यदि चुनाव आयोग पर संदेह है, तो आयोग को उनका विश्वास जीतना होगा। उन्होंने कहा कि एसआईआर में जितने भी नाम काटे गए हैं, वे आम लोग नहीं थे। अगर आम मतदाता का नाम कटता तो बड़े रूप में आंदोलन होता।
उन्होंने कांग्रेस की ओर से सभी चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग पर सवाल किया कि क्या हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस दोबारा चुनाव कराएगी, क्या राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और जितने भी कांग्रेस के विधायक हैं, वे चुनाव लड़ेंगे, उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम आवाज उठाना है, लेकिन उनकी आवाज कुछ दिनों में खो जाती है। आज एसआईआर आने के बाद ईवीएम का मुद्दा कांग्रेस ने गायब कर दिया।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में पार्टी की इकाई स्थापित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को समर्थन देने से जुड़े सवाल पर कहा कि समय और परिस्थिति को देखते हुए राज्य इकाई निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में हम अकेले कार्य कर रहे हैं।
श्री पासवान रायपुर के जेल रोड स्थित मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित रोलबॉल यूथ कांक्लेव 2026 में शामिल होने आये हैं। यह रोलबॉल का तीसरा यूथ कॉन्क्लेव है, जिसमें युवाओं के साथ संवाद के लिए विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां शामिल हो रही हैं।
