
इंदौर. एरोड्रम इलाके में शनिवार रात 75 वर्षीय रिटायर्ड एसएएफ जवान की सिर पर क्रिकेट बैट लगने से मौत हो गई. पुलिस ने मामले में उनकी 20 वर्षीय पोती को हिरासत में लिया है. शुरुआती पूछताछ में छात्रा ने दादा पर लंबे समय से गलत नजर रखने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.
छात्रा रात में बुलेट से दादा-दादी के घर पहुंची थी और वहीं रुक गई. रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसी दौरान छात्रा ने क्रिकेट बैट उठाकर दादा के सिर पर कई वार कर दिए. दादा को खून से लथपथ हालत में देखकर उनकी पत्नी ने शोर मचाया. परिजन उन्हें तत्काल अरविंदो अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पूछताछ में छात्रा ने पुलिस को बताया कि दादा काफी समय से उस पर गलत नजर रखते थे और कई बार अश्लील हरकत कर चुके थे. उसका कहना है कि परिवार की बदनामी के डर से उसने पहले किसी को कुछ नहीं बताया. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है और हत्या के पीछे घटनाक्रम किस तरह सामने आया. मृतक पत्नी के साथ अलग रहते थे, जबकि उनकी पोती महालक्ष्मी नगर में माता-पिता के साथ रहती है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. छात्रा से पूछताछ के साथ परिवार के लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं. मामले में डीसीपी नरेंद्र रावत का कहना है कि छात्रा ने अपने दादा पर अश्लील हरकत करने के आरोप लगाए हैं. इन आरोपों की भी जांच की जा रही है. हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
