अतिथि शिक्षकों का प्रदर्शन: न्याय यात्रा निकाल महापंचायत में किए वादों को पूरा करने की मांग, सौंपा ज्ञापन

अनूपपुर, मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में गांधी जयंती पर शुक्रवार को अतिथि शिक्षक संघ अनूपपुर के बैनर तले जिलेभर के अतिथि शिक्षकों ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर न्याय यात्रा उत्कृष्ट विद्यालय मैदान से निकालकर कलेक्ट्रेट कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान न्याय यात्रा में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों अतिथि शिक्षक शामिल हुए। हाथों में मांगों से जुड़े संदेश और नारों के साथ अतिथि शिक्षकों ने शासन से महापंचायत में किए गए वादों को पूरा करने की मांग उठाई।

न्याय यात्रा उत्कृष्ट विद्यालय मैदान से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। इस दौरान अतिथि शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान शासन द्वारा पूर्व में किए गए वादों को पूरा करने तथा अतिथि शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। जिसमे अतिथि शिक्षकों के पद को पक्षिता में रिक्त न दिखाया जाये। 12 माह का सेवाकाल 62 वर्ष सेवाकाल, विभागीय परीक्षा लेकर स्थाई करने की प्रक्रिया का क्रियान्वयन किया जाये। समय-समय पर मंहगाई भत्ता प्रदान कर मानदेय में वृद्धि,विभागीय परीक्षा में आरक्षण के साथ बोनस अंक प्रदान किये जाने एवं पोर्टल में नया पंजीयन बंद करने की मांग की गई हैं।

अतिथि शिक्षक संघ का कहना है कि लंबे समय से अतिथि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनके भविष्य को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सरकार द्वारा महापंचायत के दौरान किए गए वादों से शिक्षकों में उम्मीद जगी थी, लेकिन अब उन वादों को धरातल पर लागू नहीं किया गया है। न्याय यात्रा के माध्यम से शासन को अपने वादे याद दिलाते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की आवाज उठाई गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षकों की मौजूदगी ने संगठन की एकजुटता को सामने रखा। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों के निराकरण के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

न्याय यात्रा में अतिथि शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मनलाल साहू, उपाध्यक्ष विपिन तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष रामनरेश राठौर, जिला सचिव धनपत पटेल, कोतमा ब्लॉक रावेंद्र उपाध्याय, जैतहरी ब्लॉक अध्यक्ष रविशंकर सोनी, पुष्पराजगढ़ ब्लाक अध्यक्ष जगदीश यादव समेत महिला मोर्चा और समस्त सक्रिय अतिथि शिक्षक शामिल हुए।

Next Post

गांधी जयंती पर खेल गतिविधियों के साथ दिया नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश

Fri Oct 2 , 2026
अनूपपुर, मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 2 अक्टूबर 2026 को विकासखंड जैतहरी में गांधी जयंती एवं नशामुक्ति अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। अनुसूचित जाति बालक छात्रावास जैतहरी में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रैली निकालकर नशामुक्ति, […]

You May Like