पीपला नारायणवार में लगातार चोरियों से आक्रोश,नागरिकों व व्यापारियों ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन

सौंसर:नप.पीपला नारायणवार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने स्थानीय दुकानदारों, किसानों और आम नागरिकों की नींद उड़ा दी है। घरों, दुकानों और खेतों में हो रही सिलसिलेवार चोरियों से आक्रोशित नागरिकों व व्यापारियों ने चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर घटनाओं पर तुरंत रोक लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर मामलों का खुलासा नहीं हुआ, तो क्षेत्रवासी शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

खेतों से मोटर-पंप और पशु भी चोरी-

सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में रात के समय चोर सक्रिय होकर घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं। इसके अलावा किसानों के खेतों से कृषि उपकरण, सिंचाई के मोटर-पंप और मवेशियों की चोरी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ी हैं। लगातार हो रही वारदातों से पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल निर्मित हो गया है।

​रात्रि गश्त बढ़ाने व संदिग्धों की जांच की मांग-

नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि,​बाजार, रिहायशी इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए। ​मुख्य मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग हो। ​किसानों और पशुपालकों की सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीण व कृषि क्षेत्रों में विशेष रूप से रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। इसके अलावा पूर्व में घटित सभी चोरी की वारदातों की निष्पक्ष व त्वरित जांच कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।

​10 दिन की समयसीमा, प्रशासन होगा जिम्मेदार

ज्ञापन के माध्यम से नागरिकों ने दो टूक चेतावनी दी है कि पुलिस 10 दिनों के भीतर इन वारदातों का खुलासा कर ठोस कार्रवाई करे। तय समय में परिणाम न मिलने पर व्यापारी, किसान और स्थानीय निवासी लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, किसान और नागरिक मौजूद रहे।

Next Post

वंदे भारत ने चिनाब पुल और केबल-स्टेड अंजी पुल को 100 किमी की रफ्तार से किया पार

Fri Oct 2 , 2026
नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर में श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल रेलखंड पर ट्रेनें अब अधिकतम 100 किलोमीटर की रफ्तार से पटरियों पर दौड़ सकेंगी। रेलवे ने इस रेलखंड पर ट्रेनें की अधिकतम गति को 75 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा करने की अनुमति दे […]

You May Like