बाड़मेर, 30 सितम्बर (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को कांग्रेस का सबसे बड़ा एजेंडा बताते हुए बुधवार को कहा कि उसके लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निकाय चुनाव से पहले ही प्रशासन का फायदा उठाने के गलत आरोप लगाये लेकिन नतीजों में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया।
श्री शर्मा ने आज बाड़मेर के चौहटन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वयं गांव में रहे हैं इसलिए गांव के हालातों को अच्छे से जानते हैं। किसान और गरीब की आवश्यकताओं को समझते हैं जबकि कांग्रेस के लोग जाति और धर्म की बात करते हैं। जमकर झूठ बोलते हैं, इनके पास कोई दूसरा काम नहीं बचा है।
उन्होंने कि कांग्रेस के लोगों का सबसे बड़ा एजेंडा तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार है और जब-जब कांग्रेस चुनाव हारती है तब-तब ईवीएम को दोष देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में प्रदेश का युवा परेशान था। लगातार पेपरलीक होने से युवाओं के सपने चकनाचूर हो गये थे। लेकिन हमारी सरकार आने के बाद पौने तीन साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। युवाओं से चार लाख सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा करते हुए अब तक एक लाख 89 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति पत्र दिये हैं, एक लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है और सवा लाख पदों पर भर्ती कैलेण्डर भी निकाल दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब कांग्रेस के लोग डायरी पेन लेकर बैठें और हमारे भर्ती के वादे का हिसाब रख लें और अगर उनकी गणित कमजोर है तो ट्यूशन लगवा देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में निकाय की तरह अब पंचायतों के विकास का भी तीसरा इंजन जोड़ने का समय आ गया है। जिससे प्रदेश में गांव-गांव तक विकास के काम तेजी से पूरे हो सकें। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आने वाले पंचायती राज चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस का एक बार फिर सूपड़ा साफ करेगी और भाजपा का कमल खिलेगा।
