निगमायुक्त ने टंकियों एवं जलप्रदाय लाइन का किया निरीक्षण

इंदौर: मंगलवार सुबह शहर में पेयजल व्यवस्था और जलप्रदाय लाइनों का निगमायुक्त ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन नवीन पानी की टंकियों, जलप्रदाय व्यवस्था तथा नवीन पेयजल लाइन से वितरण कार्यों का दौरा कर मौका मुआयना किया. दौरे में आयुक्त ने अधिकारियों से जलप्रदाय लाइनों से कितने क्षेत्र को पानी देने, टंकियों के भराव और नई टंकियों के निर्माण की जानकारी ली. आयुक्त ने अधिकारियों को ठेकेदार एजेंसियों से समय सीमा में कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए.
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा अमृत योजना के तहत सी 21 के पीछे पीयू-4 एवं निरंजनपुर क्षेत्र निर्माणाधीन नवीन पानी की टंकियों का निरीक्षण किया गया.

पानी की टंकियों के माध्यम से किन-किन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की जाएगी और टंकी की जलभराव क्षमता तथा प्रस्तावित जलप्रदाय व्यवस्था को लेकर जानकारी ली. आयुक्त द्वारा संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्य में आवश्यक तेज गति से कार्य करने के साथ समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने निर्देश दिए गए. इसके बाद आयुक्त ने सुखलिया स्थित दीनदयाल उपाध्याय तथा बजरंग नगर पानी की टंकी से नवीन पेयजल वितरण लाइन के कार्यों का भी निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री भास्कर मोयदे, नरेश कुवाल, सहायक यंत्री रोहित रॉय सहित निगम के अधिकारी उपस्थित थे.

अमृत 2.0 में 18 टंकियों का निर्माण शुरु
ध्यान रहे कि अमृत 2.0 योजना के तहत शहर में 38 पानी की टंकियों का निर्माण होना है, जिसमें से 18 टंकियों पर निर्माण कार्य शुरु होकर तेजी से कार्य चल रहा है. बताया जा रहा है कि करीब 18 महीने में यह टंकियां बन कर तैयार हो जाएगी. इसी प्रकार निगम मद से भी 6 टंकियों का निर्माण कार्य से चल रहा है. उक्त टंकियों में 3 टंकी दिसंबर तक, 1 टंकी फरवरी 27 और तथा 2 टंकी लगभग 18 माह में तैयार होने की संभावना है.

पानी की कमी पर निगम की विशेष व्यवस्था
इस साल शहर में 45 प्रतिशत बारिश कम हुई है। इसको लेकर नगर निगम भी चिंचित है. आज नगर निगम आयुक्त ने बताया कि जलूद पंपिंग स्टेशन पर भी पानी अभी से करीब 20 फीट नीचे से लिया जा रहा है. शहर में नर्मदा पानी को लेकर मॉनीटरिंग की जाएगी. आयुक्त ने कहा कि शहर में गर्मी तक पानी की व्यवस्था करने के लिए अभी से योजना पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. शहर में बोरिंग या नर्मदा पानी से अब कार धोने पर रोक लगाएंगे. उन्होंने कहा कि गाड़ियां धोने पर जुर्माना लगाया जाएगा. इसके पीछे एक ही उद्येश्य है कि आम जनता को पानी मिले. आयुक्त सिंघल ने कहा कि जिनके घरों में बोरिंग चालू है और पानी है, उसका उपयोग मोहल्ले और कॉलोनी में आसपास के रहवासियों को पानी देने में करने की योजना भी है, ताकि ज्यादा से ज्यादा रहवासियों और जनता को पानी मिले

Next Post

मार्कशीट में कथित छेड़छाड़ कर सेकंड ईयर की परीक्षा देने का मामला

Wed Sep 30 , 2026
इंदौर:सीएम हेल्पलाइन पर पहुंची एक शिकायत की जांच में परीक्षा व्यवस्था से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक छात्रा ने अपनी मार्कशीट में कथित तौर पर इंटरनेट के माध्यम से बदलाव कर उसे कॉलेज में जमा किया और उसी के आधार पर सेकंड ईयर की परीक्षा के लिए […]

You May Like