मुंबई, 29 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी से मंगलवार को रुपया दो पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.95 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 22 पैसे टूटकर 95.97 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपये की शुरुआत छह पैसे की गिरावट में 96.03 रुपये प्रति डॉलर पर हुई। सुबह के कारोबार में ही यह 96.15 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया। हालांकि बाद में कच्चे तेल में लौटी नरमी और वाणिज्यिक बैंकों द्वारा डॉलर की बिक्री बढ़ाने से रुपये ने वापसी की। कारोबार की समाप्ति से पहले 95.94 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत होने के बाद 95.95 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में आज गिरावट रही। इससे रुपये को मजूबती मिली। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा पौने दो फीसदी टूटकर फिलहाल 103.5 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है।
वहीं, अन्य कारकों ने रुपये पर दबाव बनाया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक आज 0.2 प्रतिशत मजबूत हुआ। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय पूंजी बाजार से 103.60 करोड़ डॉलर की शुद्ध निकासी की। इन दोनों कारकों के कारण रुपये की गिरावट सीमित रही।
