
मंदसौर। बारिश का मौसम चल रहा है नगर के लगभग सभी जलाशयों में भरपूर पानी है। चंबल पेयजल भी है, कालाभाटा बांध भी लबालब भरा है लेकिन इन सबके बावजूद नगर पालिका द्वारा वितरित किये जाने वाले पेयजल के नलों मे बेहद कम प्रेशर आ रहा है। भरपूर पानी होने के बावजूद नगर की जनता को इस संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उक्त बात कहते हुए जिला कांग्रेस के महामंत्री सुरेन्द्र कुमावत ने बताया कि भरपूर पानी होने के बावजूद नगर की जनता को पर्याप्त मात्रा में पेयजल नहीं दिया जा रहा है। नगर मेंं कई ऐसे परिवार है जो अपनी दैनिक पेयजल की आपूर्ति के लिए नगर पालिका की जल वितरण व्यवस्था पर निर्भर है अब ऐसे में कई परिवारों को अतिरिक्त पानी के टेंकर मंगवाकर अपनी पूर्ति करना पड़ रही है इससे नगर की जनता पर दोहरी आर्थिक मार पड़ रही है।
एक दिन छोडकर जल वितरण फिर भी पर्याप्त नहीं
सुरेन्द्र कुमावत ने बताया की भाजपा शासित मंदसौर की नगर पालिका उपभोक्तओं से पेयजल के नाम पर तीस दिनों का टैक्स लेती है लेकिन पेयजल वितरण एक दिन छोडकर किया जाता है यानी की 15 दिन जबकि कालाभाटा बांध और चम्बल के पानी जैसी योजनाएं के चलते मंदसौर नगर पालिका दम भरती है कि हमारे पास पर्याप्त पानी है। लेकिन इसके बावजूद 15 दिन पानी दिया जा रहा है उसमें भी जिस दिन पानी आता है कम प्रेशर के कारण पर्याप्त पानी नहीं दिया जा रहा है जिसके कारण कई परिवार दो दिन तक पानी चल सकें इतना भंडारण नहीं कर पा रहे है जिसके कारण मंदसौर नगर के कई परिवारोें पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
श्री कुमावत ने कहा कि नगर पालिका मंदसौर में ऐसा कोई जिम्मेदार नहीं है जिससे नगर की जनता अपनी व्यथा सुना सके। नगर पालिका के सभी जनप्रतिनिधि और कर्मचारी लापरवाह बने हुए जिनके पास जनता की समस्याओं को सुनने या उनके निराकरण करने का समय नहीं है। पार्षदों की स्थिति यह है कि हमेशा यही कहते है कि हमारी कोई सुन नहीं रहा है जिसके कारण जतना अपने आप को ठगा सा महसूस कर रही है। जनता का मौलिक अधिकार है कि उन्हें स्वच्छ और पर्याप्त पानी मिलें। श्री कुमावत ने नगर पालिका से मांग की इस गंभीर समस्या का जल्द से जल्द निराकरण करे ताकि मंदसौर की जनता को परेशान नहीं होना पड़े और श्री कुमावत इस गंभीर विषय में मदसौर कलेक्टर को ध्यान आर्कषित करने का आग्रह किया है ताकि नगर की जनता को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सकें।
