
दमोह। जल संसाधन विभाग, दमोह द्वारा 29 सितंबर 2026 को विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों के जिला अध्यक्षों व प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों व समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
बैठक में मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सत्यनारायण तिवारी, मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अमित सिंह, कर्मचारी कांग्रेस के सुरेंद्र सिकर्रा , लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रमोद अहिरवार तथा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बी.एम. दुबे , अजाक्स संघ के जिला अध्यक्ष मुरारी लाल अहिरवार , अभिषेक हजारी राजपत्रित संघ सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में पूर्व में प्रस्तुत प्रस्तावों व लंबित कर्मचारी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विभागीय व कर्मचारी हित से संबंधित मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे गए। अधिकारियों द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही गई।
प्रतिनिधियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग और मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों के बीच संवाद की प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में सकारात्मक वातावरण में चर्चा हुई तथा कर्मचारी हित से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए सहमति बनी।
कर्मचारी संगठनों ने विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक को कर्मचारी हित में सकारात्मक व सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इस प्रकार की नियमित बैठकों से कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण संभव होगा और विभागीय कार्यप्रणाली में भी बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
