गुना पुलिस में AI आधारित ‘ड्यूटी और हाजिरी ऐप’ लॉन्च

गुना। गुना पुलिस में अब ड्यूटी और हाजिरी की व्यवस्था पूरी तरह हाई-टेक हो गई है। पुलिस विभाग में पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को एक विशेष ‘ड्यूटी और हाजिरी ऐप’ का लोकार्पण किया गया। ग्वालियर रेंज के डीआईजी डॉ. असित यादव ने गुना दौरे के दौरान इस एआई-बेस्ड सिस्टम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस ऐप को आईआईटी के छात्र निखिल द्वारा डिजाइन किया गया है, जिन्होंने इसके कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

ऐसे काम करेगा एप

इस ऐप की प्रोग्रामिंग इस तरह की गई है कि यह खुद तय करेगा कि किस थाने या क्षेत्र में कितना और कैसा पुलिस बल चाहिए तथा किस रैंक के अधिकारी की ड्यूटी लगेगी। पुलिसकर्मियों को एक दिन पहले ही उनके मोबाइल पर ड्यूटी चार्ट मिल जाएगा। साथ ही, ऐप यह भी ट्रैक करेगा कि संबंधित पुलिसकर्मी ड्यूटी पर समय पर पहुंचा या नहीं। ऐप में हर पुलिसकर्मी के काम का मूल्यांकन करने का प्रावधान है। बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को अंक (पॉइंट्स) मिलेंगे और महीने के अंत में इसी आधार पर ‘बेस्ट पुलिस ऑफिसर’ का चयन किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को कुल तीन फेज में तैयार किया जा रहा है। पहले चरण में ‘ई-प्रबंध पोर्टल’, दूसरे चरण में ‘कवाच’ और तीसरे चरण में ‘क्वार्टर मैनेजमेंट’ शामिल होगा।

दो दिनी दौरे पर हैं डीआईजी

अपने दो दिवसीय दौरे के तहत डीआईजी डॉ. असित यादव ने कई अन्य गतिविधियों का भी जायजा लिया। सोमवार रात डीआईजी ने कैंट थाने पहुंचकर स्टाफ से चर्चा की, व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पिछले समय में हुए अच्छे पुलिस कार्यों की जानकारी ली। मंगलवार सुबह उन्होंने पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस जिम और मेस की व्यवस्थाएं देखीं। एसपी हितिका वासल और एएसपी प्रशांत सिंह सुमन की मौजूदगी में आयोजित सैनिक सम्मेलन में डीआईजी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए।

Next Post

श्राद्ध पक्ष में नर्मदा घाटों पर तर्पण, पितरों की प्रसन्नता से मिलता है सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

Tue Sep 29 , 2026
ओंकारेश्वर। पवित्र नर्मदा नदी के घाटों पर श्राद्ध पक्ष के दौरान पितृ तर्पण का क्रम जारी है, जो पूरे 16 दिनों तक चलेगा। श्रद्धालु पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। शास्त्रों के अनुसार आश्विन (कुंवार) माह में श्राद्ध पक्ष शुरू होते ही पितृलोक […]

You May Like