
गुना: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिगों से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। 15 वर्षीय नाबालिग ने तीन अन्य नाबालिगों पर उसे गैस गोदाम के मैदान में ले जाकर आपत्तिजनक हरकत करने, विरोध पर मारपीट करने और घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, 27 सितंबर की शाम करीब 4 बजे नाबालिग अपने दोस्त के साथ घर के बाहर था। इसी दौरान तीन नाबालिग उसे अपने साथ गैस गोदाम के मैदान की ओर ले गए। आरोप है कि वहां उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की गई। विरोध करने पर मारपीट की गई और घटना का वीडियो भी बनाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे किसी को घटना बताने से रोकने का प्रयास किया।
घटना के बाद नाबालिग रविवार रात कोतवाली थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान एक आरोपी के जनप्रतिनिधि का भतीजा होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस अब घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
