घर आएगा बिजली बिल एजेंट, मोबाइल से दिखाएगा क्यूआर कोड और हो जाएगा भुगतान

इंदौर: बिजली बिल भरने के लिए अब न खुले पैसे तलाशने की जरूरत होगी और न ही जेब में कैश रखने की. घर-घर बिजली बिल लेने पहुंचने वाला एजेंट अब मोबाइल पर क्यूआर कोड दिखाएगा. उपभोक्ता क्यूआर कोड स्कैन करेगा और कुछ ही क्षण में बिल की राशि सीधे बिजली कंपनी के खाते में जमा हो जाएगी.
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने डोर-टू-डोर बिल संग्रहण व्यवस्था में यह नई सुविधा शुरू की है. प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर लागू व्यवस्था से हजारों एजेंटों के जरिए लाखों उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। खास बात यह है कि क्यूआर कोड से भुगतान करने पर उपभोक्ताओं को कैशलेस भुगतान की छूट भी मिलेगी.

स्कैन से पहले दिखेगा पूरा हिसाब
एजेंट उपभोक्ता के आईवीआरएस नंबर पर क्यूआर कोड जनरेट करेगा। इसे स्कैन करते ही मोबाइल स्क्रीन पर उपभोक्ता का नाम, कनेक्शन नंबर, पता, बिल राशि और बिजली कंपनी का विवरण सामने आ जाएगा. जानकारी की पुष्टि के बाद भुगतान किया जा सकेगा. भुगतान होते ही केंद्रीयकृत सर्वर से बिजली खाता भी अपडेट हो जाएगा.

कैश वालों के लिए पुरानी सुविधा जारी
जो उपभोक्ता नकद भुगतान करना चाहें, वे पहले की तरह एजेंट को कैश दे सकेंगे. एजेंट ई-पद्धति से रसीद उपलब्ध कराएगा। कंपनी ने एजेंटों की पहचान के लिए उन्हें संबंधित जोन या वितरण केंद्र का परिचय पत्र भी दिया है. यानी अब बिजली बिल भुगतान का नया फॉर्मूला है- एजेंट आया, क्यूआर कोड दिखाया, मोबाइल से स्कैन किया और बिल जमा!

Next Post

बीएसएनएल का बिगड़ा नेटवर्क हुआ ठीक, परेशान थे ग्वालियर के उपभोक्ता, भोपाल में मिला फॉल्ट

Mon Sep 28 , 2026
ग्वालियर:बीएसएनएल का नेटवर्क पूरी तरह से ठीक हो गया है और आवाज न आने की समस्या तथा डाटा गड़बड़ होने की शिकायत थी वह दूर कर दी गई। सिस्टम में जो फॉल्ट था उसकी सर्चिंग के लिए 3 तकनीकी टीमों ने संयुक्त रूप से काम किया और गड़बड़ी को पकड़ […]

You May Like