20 दिन में 55 हजार यात्रियों ने किया मेट्रो में सफर


इंदौर:इंदौर में मेट्रो दूसरे चरण से आम जनता और मेट्रो रेल कॉरपोरेशन दोनों को फायदा मिलने लगा है. 5 सितंबर से शुरू हुए दूसरे चरण के 20 दिन बीतने के बाद 25 सितंबर तक 55 हजार से ज्यादा यात्रियों ने मेट्रो का सफर किया. खास बात यह है कि रविवार के दिन मेट्रो को 5 हजार से ज्यादा सवारी मिल रही है.नव भारत अखबार द्वारा मध्य प्रदेश मेट्रो रेल के दूसरे चरण को शुरू नहीं करने और साढ़े सात हजार करोड़ खर्च के बाद आम जनता फायदा नहीं मिलने की खबर प्रकाशित की थी. खबर प्रकाशित होने के दिन ही शाम को भोपाल में शाम को 5 सितंबर दूसरे चरण के शुभारंभ कार्यक्रम तय किया गया.

इंदौर मेट्रो का 5 सितंबर को दूसरे चरण का शुभारंभ होने के बाद आज बीस दिन में 55 हजार से ज्यादा यात्रियों ने मेट्रो रेल सेवा का उपयोग किया. उक्त संख्या बताती है कि नव भारत न्यूज द्वारा संभावना जताई गई थी कि दूसरे चरण के बाद मेट्रो रेल को बड़ी संख्या में सवारी मिलेगी. यह बात सच साबित हुई. इसी का परिणाम है कि मेट्रो रेल की कल से ही समय परिवर्तन करना पड़ा है. अब मेट्रो रेल का संचालन सुबह 7.30 बजे से रात्रि 9.30 तक कर दिया गया है, जो पहले सुबह 9 से शाम 7 बजे तक तय किया गया था.

मेट्रो ने यह निर्णय यात्रियों की बढ़ती संख्या और मेट्रो सवारी में लगातार हो रही वृद्धि के कारण लिया है. बताया जा रहा है कि रविवार को 5 हजार से ज्यादा यात्री मेट्रो में सफर कर रहे है. साथ ही मेट्रो का रविवार और सरकारी छुट्टी के दिन मेट्रो दोपहर 12.50 से रात्रि 9 बजे तक चलेगी. इसके अलावा मुख्य बात यह है कि पिछले 20 दिनों में मेट्रो रेल को सबसे ज्यादा सवारी रविवार के दिन मिल रही है. नई समय सारणी में छुट्टी के दिन मालवीय नगर से गांधी नगर की ओर पहली मेट्रो दोपहर 1 बजे रवाना होगी. गांधी नगर से अंतिम मेट्रो रात्रि 8.10 बजे तथा मालवीय नगर से रात्रि 9 बजे रवाना होगी.

डिजिटल और कैशलेस भुगतान से स्मार्ट यात्रा
इंदौर मेट्रो में यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) प्रणाली पहले से संचालित है. यात्री एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट प्राप्त कर सहज, सुरक्षित एवं कैशलेस यात्रा का लाभ उठा सकते हैं. टिकट का भुगतान यूपीआई, क्यूआर कोड, ई-वॉलेट तथा एमपी मेट्रो मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जा सकता है.

रिटर्न टिकट, ग्रुप टिकट और ई-वॉलेट रिचार्ज पर विशेष छूट
यात्रियों को मेट्रो रेल सेवा से ज्यादा से ज्यादा जोड़ने और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएमआरसीएल) द्वारा विशेष डिस्काउंट पॉलिसी लागू की गई है. इसके अंतर्गत रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत तथा ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है. इसके अलावा, एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर यात्रियों को रिचार्ज राशि के आधार पर 8 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक अतिरिक्त बोनस राशि का लाभ मिलेगा. मेट्रो रेल के 200 से 499 तक के रिचार्ज पर 8 प्रतिशत, 500 से 999 तक 10 प्रतिशत, 1000 से 1499 तक 12 प्रतिशत, तथा 1500 से 2000 तक के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत बोनस राशि प्रदान की जाएगी

Next Post

दुष्कर्म मामले में कर्मचारी नेता को अग्रिम जमानत

Sun Sep 27 , 2026
जबलपुर: हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति रत्नेश चंद्र सिंह बिसेन की एकलपीठ ने दुष्कर्म के आरोप से जुड़े मामले में आयुध निर्माणी खमरिया के कर्मचारी नेता अर्नब दासगुप्ता को अग्रिम जमानत का लाभ दिया है। एकलपीठ ने यह राहत इस शर्त के साथ दी है कि याचिकाकर्ता पुलिस जांच में सहयोग करेगा। […]

You May Like