एमपी नगर जोन-1 प्रेस कॉम्प्लेक्स मार्ग अब स्व रामगोपाल माहेश्वरी मार्ग, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने किया अनावरण

भोपाल। एमपी नगर जोन वन प्रेस कॉम्पलेक्स मार्ग मंगलवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व नवभारत के संस्थापक स्व. रामगोपाल माहेश्वरी (बाबूजी) को समर्पित किया गया. नवभारत परिसर में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने मार्ग की नामपट्टिका का अनावरण किया. इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष मुकेश नायक व पूर्व महापौर विभा पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय रामगोपाल माहेश्वरी जी का जीवन देशसेवा, स्वतंत्रता संग्राम और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए समर्पित रहा. लोकतंत्र में कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायिका के साथ पत्रकारिता की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. बाबूजी ने पत्रकारिता के इस चौथे स्तंभ को मजबूती प्रदान करने का कार्य किया. समारोह में नवभारत परिवार के स्व. प्रफुल्ल माहेश्वरी की पत्नी बृज माहेश्वरी, प्रबंध संपादक सुमित माहेश्वरी, सुरुचि की संपादक पूजा माहेश्वरी व नवभारत डिजिटल मीडिया के प्रबंध संपादक यशोबर्धन माहेश्वरी उपस्थित रहे.

नई पीढ़ी को प्रेरणा देगा नामकरण: सारंग

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि स्व. रामगोपाल माहेश्वरी ने महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरणा लेकर वर्ष 1934 में नवभारत की नींव रखी थी. उन्होंने कहा कि जिस तरह एक छोटे बीज से विशाल वृक्ष तैयार होता है, उसी तरह नवभारत आज देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में अपनी पहचान बनाए हुए है. उन्होंने कहा कि रामगोपाल माहेश्वरी मार्ग का नामकरण नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकार और पत्रकारिता के मूल्यों की प्रेरणा देगा.

बाबूजी एक व्यक्ति नहीं, बल्कि विचार

पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने कहा कि रामगोपाल माहेश्वरी जी ने कठिन दौर में भी निर्भीक और स्वतंत्र पत्रकारिता की परंपरा को आगे बढ़ाया. उन्होंने अपनी कलम के माध्यम से समाज की आवाज को मजबूती दी. उन्होंने कहा कि बाबूजी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि विचार और आंदोलन के प्रतीक थे. पूर्व महापौर विभा पटेल ने कहा कि यह नामपट्टिका बाबूजी के त्याग, विचारों और सामाजिक योगदान की स्मृति को हमेशा जीवित रखेगी. उन्होंने जो विचारों का बीज बोया था, वह आज विशाल वटवृक्ष बनकर समाज की सेवा कर रहा है.

Next Post

मप्र को टेलीकॉम, सेमीकंडक्टर, जीसीसी और इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध : सीएम डॉ. यादव

Tue Sep 22 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश देश में सूचना प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण के एक सशक्त केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बेंगलुरु में उद्योगपतियों और […]

You May Like