अंतर्राष्ट्रीय पंजाबी साहित्य मंच का आयोजन: पंजाबी साहित्य और बहुभाषी संवाद पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय पंजाबी साहित्य मंच, दिल्ली की ओर से सूरजीत भवन, आईटीओ में साहित्यिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पंजाबी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के साथ विभिन्न भारतीय भाषाओं के बीच संवाद को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के पंजाबी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. मनजीत सिंह मुख्य अतिथि रहे, जबकि प्रो. जसपाल कौर, पूर्व अध्यक्ष पंजाबी विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय ने अध्यक्षता की। साहित्यकार कुलवंत कौर नारंग ने अपनी कहानी प्रस्तुत की। जसवंत सिंह शेखर ने गजल और कविताएं सुनाईं, जबकि हिंदी की कवयित्री डॉ. नीलम अरोड़ा ने भी अपनी कविताएं प्रस्तुत कीं। राजेंद्र बियाला ने भी कविता पाठ किया।

इस अवसर पर जसवंत सिंह शेखर की पुस्तक ‘पैडा समय दीयां’ और राजेंद्र बियाला की अंग्रेजी पुस्तक ‘माइंड एंड द मिरर’ का विमोचन किया गया। प्रो. मनजीत सिंह ने दोनों पुस्तकों पर विचार व्यक्त करते हुए इन्हें महत्वपूर्ण कृतियां बताया।

अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. जसपाल कौर ने कहा कि साहित्यिक बैठकों का नियमित आयोजन जरूरी है। मंच संचालन डॉ. कमलजीत सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि मंच पंजाबी साहित्य को पाठकों तक पहुंचाने के साथ अन्य भारतीय भाषाओं के साहित्यकारों को भी मंच प्रदान करता है और प्रत्येक बैठक में विभिन्न भाषाओं के लेखकों को अपनी रचनाएं प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

मंच के कोषाध्यक्ष मिश्रीदीप भाटिया ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि मंच की शुरुआत करीब 1998 में हुई थी और तब से यह पंजाबी भाषा व साहित्य के लिए लगातार काम कर रहा है। पंजाब सरकार के लोक जनसंपर्क विभाग के अधिकारी जगदीप सिंह गिल, तख्त श्री पटना साहिब की धर्म प्रचार कमेटी के सदस्य जगदीश सिंह सहित मंच के सदस्य, शिक्षक, बड़ी संख्या में विद्यार्थी और साहित्यप्रेमी कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

 

Next Post

बंगलादेश में खसरे से छह और बच्चों की मौत, बीते छह महीनों में मरने वालों की कुल संख्या 1,063 हुई

Tue Sep 22 , 2026
ढाका, (वार्ता) बंगलादेश में पिछले 24 घंटों में खसरे से छह और बच्चों की मौत हो गयी, जिससे पिछले छह महीने में देश में इस बीमारी के प्रकोप से मरने वालों की कुल संख्या 1,063 हो गयी है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएएचएस)) ने बताया कि 24 घंटे की अवधि के […]

You May Like