​सीहोर में बदहाल सड़कों पर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन: गड्ढों में पौधे रोपकर सरकार का ध्यान खींचा

सीहोर। बारिश शुरू होते ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की बदहाली एक बार फिर सामने आने लगी है. कहीं सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई हैं तो कहीं जलजमाव और कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है. ब्रिजिशनगर क्षेत्र में सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों और युवाओं ने रविवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने मुख्य मार्ग पर पानी से लबालब भरे गड्ढों में पौधे रोपकर शासन-प्रशासन और ग्राम पंचायत का ध्यान सड़क की हालत की ओर आकर्षित किया.

ग्रामीणों का कहना है कि ब्रिजिशनगर बस स्टैंड के आसपास सड़क पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर गया है. इससे वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में ग्राम पंचायत द्वारा गड्ढों में गिट्टी और मुरम डलवाकर सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन कुछ समय बाद सड़क फिर खराब हो गई. गड्ढों में मिट्टी डालकर उन्हें भरने का प्रयास किया गया, लेकिन बारिश के पानी के साथ मिट्टी भी बह गई और सड़क की वास्तविक स्थिति फिर सामने आ गई. नतीजतन ग्रामीणों ने आज अनूठे ढंग से विरोध जताया.

शिविर में पहुंचे मंत्री, फिर भी नहीं बदले हालात

ग्रामीणों ने बताया कि 13 अगस्त को ब्रिजिशनगर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में राज्य मंत्री कृष्णा गौर और राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा भी पहुंचे थे. इसी क्षेत्र के बस स्टैंड के पास सड़क पर बने गड्ढे उस समय भी लोगों के लिए परेशानी बने हुए थे. ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के दौरे के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका. अब ग्रामीणों ने गड्ढों में पौधे लगाकर यह बताने का प्रयास किया है कि सड़क की हालत कितनी दयनीय है.

खस्ताहाल श्यामपुर मार्ग की सड़क पर भी सवाल

ग्रामीण सड़कों की बदहाली का मामला केवल ब्रिजिशनगर तक सीमित नहीं है. सीहोर से श्यामपुर मार्ग पर बनी एफडीआर सड़क को लेकर भी पहले सवाल उठ चुके हैं. आधुनिक तकनीक से बनाई गई इस सड़क पर निर्माण के करीब तीन साल बाद ही कई स्थानों पर गड्ढे और पेचवर्क नजर आने लगे थे. बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भरने से समस्या और गंभीर हो जाती है. सड़क की गुणवत्ता, निर्माण के बाद रखरखाव और निगरानी को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं.

इछावर- खैरी मार्ग को लेकर कांग्रेस ने जताया रोष

इछावर-खेरी मार्ग की जर्जर हालत को देखते हुए पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, बृजेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर सड़क का उद्दार करने की मांग की है. बारिश के चलते अधिकांश क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति दयनीय हो गई है. सीहोर से जमोनिया मार्ग सहित अनेक ग्रामीण मार्ग बारिश के कारण खराब हो चुके हैं. कई जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है तो कहीं गड्ढों में पानी भर गया है. इन रास्तों से गुजरने वाले ग्रामीणों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि हर साल सड़कों की मरम्मत के नाम पर मुरम और गिट्टी डाल दी जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है.

 

Next Post

सड़क निर्माण में बरती जा रही अनियमितता से ग्रामीणों में रोष

Mon Sep 21 , 2026
रेहटी। गत दिवस सलकनपुर में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जन समस्या निवारण कार्यक्रम में नागरिकों ने नसरुल्लागंज-रेहटी, बुधनी 2 लेन सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य लंबे समय से चल […]

You May Like