पशुपतिनाथ मंदिर की जमीनों का जल्द हो हस्तांतरण, पार्किंग को लेकर भी बने ठोस योजना

मंदसौर। श्री पशुपतिनाथ मंदिर ट्रस्ट की बैठक में मंदिर की जमीनों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और भविष्य की विकास योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सांसद सुधीर गुप्ता ने मंदिर परिसर के आसपास स्थित निजी जमीन को अधिकृत करने की दिशा में कार्रवाई तेज करने तथा भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यहां बड़े स्तर पर पार्किंग विकसित करने पर जोर दिया।

बैठक में मंदिर के विकास कार्यों में सहयोग करने वाले माली समाज को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठा। सांसद गुप्ता ने माली समाज को जमीन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों के साथ सामाजिक समन्वय भी बना रहे। इसी तरह मंदिर परिसर में कैफेटेरिया के लिए उपयोग में ली गई समाज की भूमि के बदले अन्य स्थान पर जमीन उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

पुजारियों के वेतनमान पर चर्चा

मंदिर के पुजारियों के वेतनमान में वृद्धि को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। इसके अलावा तापेश्वर मंदिर की फर्श के नवीनीकरण को स्वीकृति दी गई। मंदिर परिसर में सौर ऊर्जा के स्रोत स्थापित करने पर भी सहमति बनी। सांसद ने मंदिर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों और प्रबंध समिति से चर्चा की।

अतिथि गृह की जांच के लिए तीन विभागों की कमेटी

नवीन अतिथि गृह के निर्माण से पहले वर्तमान पशुपतिनाथ अतिथि गृह की स्थिति और उसके निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कराने के निर्देश सांसद ने दिए। इसके लिए तीन विभागों के इंजीनियरों की कमेटी गठित कर जांच कराने तथा वर्तमान अतिथि गृह को सुव्यवस्थित करने को कहा गया। सांसद ने मंदिर की वेबसाइट के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया।

दान में मिली जमीन का मालिकाना हक लेने के निर्देश

बस स्टैंड के समीप मंदिर ट्रस्ट को दान में प्राप्त करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। सांसद गुप्ता ने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर मंदिर ट्रस्ट को जमीन का विधिवत मालिकाना हक दिलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जमीन का उपयोग भविष्य में मंदिर के लिए आय का बड़ा स्रोत बन सकता है।

अगली बैठक में आय-व्यय का पूरा ब्यौरा मांगा

मंदिर की आय-व्यय का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सांसद ने मंदिर प्रबंधक राहुल रूनवाल से नाराजगी जताते हुए आगामी बैठक में सबसे पहले आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में मंदिर की वर्तमान व्यवस्थाओं, चल रहे विकास कार्यों और भविष्य के विकास मॉडल को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में कलेक्टर दिव्यांक सिंह, विधायक विपिन जैन, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रामादेवी गुर्जर सहित श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 133 रन पर समेटा

Wed Sep 9 , 2026
बर्मिंघम, 09 सितम्बर (वार्ता) इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान को तीसरे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन बुधवार को घातक गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में मात्र 133 रन पर समेट दिया। पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट में हार के बाद अपनी टीम में व्यापक बदलाव किये थे लेकिन परिणाम […]

You May Like