
कटनी | विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है। द्वारिका स्कूल की चलती तूफान वैन का दरवाजा अचानक खुलने से 10 वर्षीय मासूम छात्र सड़क पर गिर गया। गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में उपचार के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व मातम पसर गया है।
रोजाना की तरह लौट रहा था घर, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, टीकर निवासी दिनेश यादव का 10 वर्षीय पुत्र जीत यादव द्वारिका स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र था। रोजाना की भांति वह पढ़ाई पूरी कर स्कूल की तूफान गाड़ी में सवार होकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक वैन का दरवाजा खुल जाने से जीत अनियंत्रित होकर चलती गाड़ी से सीधे सड़क पर जा गिरा। हादसे में मासूम लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना घटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान बच्चे को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही परिजनों तक बच्चे की मौत की खबर पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सुरक्षा मानकों की उड़ रही धज्जियां, अभिभावकों में आक्रोश
* इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर स्कूली वाहनों में नौनिहालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का आरोप है कि क्षेत्र के निजी शिक्षण संस्थानों में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस और सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
* वाहनों में न तो मजबूत लॉक सिस्टम है और न ही बच्चों की देखरेख के लिए परिचालक (अटेंडेंट) की तैनाती की जाती है।
* अनफिट और ओवरलोड वाहनों के जरिए बेखौफ परिवहन जारी है, जिस पर जिम्मेदार विभाग मौन साधे बैठा है।
पुलिस जांच में जुटी, होगी वैधानिक कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलने के बाद विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने मौके और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालक की लापरवाही, वाहन की फिटनेस और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
