
ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल संभाग के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री भगवान सिंह यादव को गंभीर अवस्था में परिवार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वे बेहोशी की हालत में हैं। हालांकि डॉक्टरों ने 86 वर्षीय वरिष्ठ नेता की हालत खतरे से बाहर बताई है। पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव की गत वर्ष भी तबीयत बिगड़ने के बाद ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल समूह में भर्ती कराया गया था। उस समय जेएएच में बायपास सर्जरी की सुविधा न होने के कारण उनके इलाज और सर्जरी को लेकर एक बड़ा अभियान चला था। उनके इन प्रयासों के बाद ही राज्य सरकार ने ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में कार्डियोथोरासिक यूनिट और बायपास सर्जरी की सुविधा को मंजूरी दी थी। यादव इस समय मप्र कांग्रेस कमेटी की सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
