
इंदौर। आज कलेक्टर कार्यालय में जन सुनवाई के दौरान एक युवक द्वारा आत्मदाह का प्रयास किया गया। कार्यालय में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूझबूझ से युवक को बचा लिया गया। कलेक्टर ने युवक को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
कलेक्टर कार्यालय में प्रति मंगलवार जनसुनवाई होती है । आज जनसुनवाई के बीच एक युवक ने तारपीन छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया। युवक अपना डीजे वाहन जब्त करने से दुखी था, क्योंकि उसकी रोजी रोटी उसी से चलती थी।
कलेक्टर कार्यालय में तारपीन छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक का नाम आकाश जाटव है । उसने पिछले साल जनवरी में 11.25 लाख में किसी व्यक्ति से डीजे वाहन खरीदा था। 2 लाख नकद और 2.50 लाख बाद में भुगतान किया । बचा पैसा आठ महीने में देने का मौखिक तय हुआ था, लेकिन युवक 12 महीने में भी भुगतान नहीं कर सका और बची राशि नहीं देने पर वाहन बेचने वाले व्यक्ति द्वारा गाड़ी जब्त कर ली गई। इससे युवक बेरोजगार है और उसने आज कलेक्टर कार्यालय में आत्मदाह करने की कोशिश की, मगर मौजूद कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने सूझबूझ से उसको बचा लिया ।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने युवक से बात कर समस्या की जानकारी ली और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद एसडीएम घनश्याम धनगर को युवक की मदद के निर्देश दिए।
एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि वाहन बेचने और खरीदने वाले युवक आकाश जाटव के पास किसी तरह के अनुबंध, कागज और लिखापढ़ी नहीं है। उसको समझा कर मदद करने का कहा है।
