
ग्वालियर। ग्वालियर शहर में आज सुबह से बारिश का दौर जारी है। कभी तेज तो कभी रुक-रुककर हुई रिमझिम बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है। उमस व गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। आज शाम तक शहर में करीब 38 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। सुबह 8.30 बजे तक 6.4 मिमी बारिश हुई थी, जो सुबह 11.30 बजे तक बढ़कर 35 मिमी हो गई। वातावरण में नमी भी काफी अधिक रही। सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर फुहारें पड़ने से मौसम सुहावना बना रहा।
