श्योपुर:लगातार बारिश से कदवाल नदी उफान पर आ गई है, जिससे गुप्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पानी भर गया है। एहतियात के तौर पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी गई है।
इस बीच मोरडूंगरी नदी में नहाने गया चैनपुरा निवासी रघुवीर तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुटी हुई है।श्योपुर-पाली रोड पर पुरानी पुलिस लाइन के पास मुख्य सड़क पर एक विशाल पेड़ गिर गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पेड़ गिरने से रास्ते पर गाड़ियों का आवागमन ठप हो गया, जिसे हटाने का काम किया जा रहा है। श्योपुर जिले की सभी नदियां जबरदस्त उफान पर चल रही हैं।
