दूध का भाव 12 रुपए प्रति फैट करने की मांग

इंदौर: पशुपालन की बढ़ती लागत के बीच दूध उत्पादक किसानों ने अब दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी और वर्षों से लंबित बोनस के भुगतान की मांग तेज कर दी है.
भारतीय किसान एवं मजदूर सेना ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सांची दुग्ध संघ इंदौर के सीईओ विशाल मिश्रा को ज्ञापन सौंपा. संगठन ने दूध का भाव बढ़ाकर 12 रुपए प्रति फैट करने के साथ करीब 10 से 12 करोड़ रुपए के लंबित बोनस का तत्काल भुगतान करने की मांग रखी. किसान नेताओं का कहना है कि पशु आहार, चारा, दवाइयां, बिजली और मजदूरी के खर्च में लगातार इजाफा हो रहा है. इसके मुकाबले दूध का मौजूदा खरीद मूल्य किसानों के लिए पर्याप्त नहीं है. बढ़ती लागत के कारण पशुपालन घाटे का सौदा बनता जा रहा है.य ऐसे में दूध के खरीद मूल्य में तत्काल वृद्धि जरूरी है.

दूध के फैट की जांच की मांग
ज्ञापन में ग्राम स्तरीय दुग्ध समितियों और बीएमसी से सांची दुग्ध संघ तक पहुंचने वाले दूध के फैट में कथित विसंगतियों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की गई. संगठन ने कहा कि जांच में गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए.

तीन साल से बोनस का इंतजार
किसान संगठन ने सांची दुग्ध संघ की वार्षिक साधारण सभा में स्वीकृत पिछले करीब तीन वर्षों की बोनस राशि का मुद्दा भी उठाया. संगठन के अनुसार किसानों का करीब 10 से 12 करोड़ रुपए का बोनस लंबित है. इसके अलावा शासन द्वारा घोषित 5 रुपए प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि से वंचित दुग्ध उत्पादकों को भी भुगतान करने की मांग की गई. किसानों ने पशु आहार सस्ता करने, उसकी गुणवत्ता सुधारने, अधिक सांची दूध संग्रहण केंद्र खोलने तथा दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सहायता योजना शुरू करने की मांग भी रखी.

संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों के साथ आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष बबलू जाधव, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र पटेल, प्रदेश सचिव चंदनसिंह बड़वाया, सतीश मकवाना सहित अन्य पदाधिकारी और दुग्ध उत्पादक किसान शामिल रहे.

Next Post

कंटेनर ने बाइक सवार पिता पुत्री को कुचला, दोनों की मौत

Fri Sep 4 , 2026
मुरैना: मुरैना के हाई-वे एनएच – 44 पर एक बेलगाम कंटेनर ने बाइक सवार पिता पुत्री को कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। फिलहाल मृतक पिता पुत्री की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मौके पर लंबा जाम लग गया है। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp […]

You May Like