अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन का सबसे बड़ा अभियान, 4 दिन से गरज रहा बुलडोजर और टूट रही भट्टियां

खंडवा। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देशन में खंडवा जिले में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ पिछले चार-पांच दिनों से अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई चल रही है। प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम शहर से लेकर ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों तक एक साथ प्रहार कर रही है।

शहर में बुलडोजर, गांव में दबिश –

सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, सहायक आबकारी अधिकारी सीएस मीणा, जिला आबकारी अधिकारी विनय रंगशाही और उनकी टीम ने शहर में शराब दुकानों के आसपास बने नियम विरुद्ध अवैध अहातों को जमींदोज करना शुरू किया है। यह कार्रवाई लगातार चौथे दिन भी जारी है। पडवा क्षेत्र में शराब दुकान के पीछे चल रहे अवैध रेस्टोरेंट को भी सील कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि बुलडोजर रुकेगा नहीं।

वहीं दूसरी ओर ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों में भी आबकारी विभाग ने दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। लालखेड़ा, पुरनी, सिंधखाल, गोराडिया सहित कई गांवों के जंगलों में झाडय़िों में छिपाकर रखी गई 65 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब और 700 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया है। लहान को मौके पर ही नष्ट किया गया। कुल 13 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जब्त माल की कीमत करीब 80 हजार रुपये है। इसके अलावा हाईवे के ढाबों पर भी छापेमारी कर अवैध शराब जब्त की जा रही है।बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बड़ी संख्या में महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री को लेकर कलेक्टर कार्यालय में शिकायत की थी, जिसके बाद से प्रशासन एक्शन मोड में है।

क्या ग्रामीण अहातों पर भी चलेगा बुलडोजर ?

शहर में हो रही बुलडोजर कार्रवाई और ग्रामीण में कच्ची शराब पर कार्रवाई के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी शराब दुकानों के आसपास चल रहे अवैध अहातों पर कार्रवाई का इंतजार है। ग्रामीण जन पूछ रहे हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों के अवैध अहातों पर बुलडोजर कब पहुंचेगा?

Next Post

अनोखे अंदाज वाले शिक्षाधिकारी : टिफिन लेकर स्कूल पहुंच रहे हैं डीईओ, मचा हडक़ंप

Thu Sep 3 , 2026
खंडवा। जिले की बिगड़ी शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी बलवंत पटेल ने अनोखा अभियान शुरू किया है। वे सुबह टिफिन लेकर ही ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में औचक निरीक्षण के लिए निकल पड़ते हैं और स्कूल खुलने से पहले ही पहुंच जाते हैं। उनके […]

You May Like

मनोरंजन